Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सन्नी सुसाइड मामला : रोहतक में पति को नहीं मिला न्याय तो उठाया कदम,पत्नी ने राष्ट्रपति से मांगी इच्छा मृत्यु

रोहतक के महम में करीब एक माह पहले हुए सन्नी सुसाइड मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने के कारण मृतक की पत्नी ने राष्ट्रपति से इच्छामृत्यु की मांग की। सन्नी की पत्नी ने राष्ट्रपति को लिखा कि वह अपने पति को न्याय दिलाने के लिए दर-दर की ठोकरें खाकर परेशान हो चुकी है और अब जीने की इच्छा नहीं है।

राष्ट्रपति को लिखे पत्र में महम निवासी मृतक सन्नी छाबड़ा की पत्नी प्रियंका ने कहा कि उसके पति को पड़ोस में रहने वाली कनिका गिरधर व उसके पति रमेश व अन्य व्यक्तियों ने आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया। जिस कारण दबाव में सन्नी ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इसको लेकर महम पुलिस थाना में 7 के खिलाफ मामला दर्ज किया।

प्रियंका ने राष्ट्रपति को लिखे पत्र में कहा कि एक महीने होने व सैशन कोर्ट से अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद भी पुलिस ने किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़ित दर-दर की ठोकरे खा रहे हैं। लेकिन न्याय नहीं मिल रहा। जिसके कारण मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान हो चुके हैं। जिसके कारण उसने राष्ट्रपति से इच्छा मृत्यु मांगी।

सन्नी के परिजन व अन्य लोग न्याय की मांग को लेकर पिछले 4 दिनों से धरने पर बैठे हैं। उनकी मांग है कि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए। लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। वहीं पुलिस प्रशासन पर भी आरोप लगाया कि किसी ने भी अभी तक उनकी सुध नहीं ली।

सन्नी सुसाइड मामले की जांच के लिए SP ने SIT गठित की है। स्पेशल पुलिस टीम का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार लोहचब करेंगे। करीब एक माह तक एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। ऐसे में पीड़ित पक्ष में रोष है। वहीं पुलिस पर भी कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए हैं।

आरोपी पक्ष द्वारा भी सन्नी के परिवार वालों व परिचितों पर अश्लील फोटो व वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल करने की FIR दर्ज करवाई गई है। जिसमें आरोपी रमेश गिरधर ने उन पर लगे आरोपों को नकारते हुए ब्लैकमेल करने की बात कही। जिसके आधार पर पुलिस ने मृतक सन्नी के परिवार के व परिचित 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं सन्नी सुसाइड मामले में भी 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज है।

महम निवासी प्रियंका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके पति सन्नी ने 19 अक्टूबर को बताया था कि महम की ही एक महिला ने उसे षड्यंत्र के तहत फंसाया है। जो लाखों रुपए एंठ चुकी है। उसने पैसे वापस करने के लिए घर बुलाया है। वहां महिला के घर में सन्नी के साथ झगड़ा भी किया। परिवार वाले गए तो गेट नहीं खोला।

प्रियंका ने कहा कि करीब एक-डेढ़ बजे उसकी ननद सोनम के पास सन्नी का फोन आया था। जब सन्नी उक्त महिला के घर पर ही था। सन्नी कह रहा था कि उस महिला ने आज भी उसे धोखा दिया। जिसके कारण वह जहरीला पदार्थ सल्फास पीने को मजबूर है। पत्नी व बच्चों का ध्यान रखना था, लेकिन मजबूर होकर यह कदम उठाना पड़ रहा है। सन्नी ने खुद परिवार से माफी मांगते हुए फोन काट दिया।

प्रियंका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब वह अपने घर के कमरे में अलमारी में जरूरी दस्तावेज देख रही थी तो वहां एक सुसाइड नोट भी मिला। साथ ही गोल्ड लोन के दस्तावेज भी थे। 7 पेज के सुसाइड नोट में 7 लोगों के नाम थे। इस घटना के बाद लोगों ने सन्नी की मौत पर पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट होकर रोड पर जाम भी किया था।

Exit mobile version