Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सन्नी सुसाइड मामला : धरने के 5 दिन बाद पहुंचे धरणास्थल SDM बोले चंडीगढ़ तक पहुंच चुका मामला, होगी उचित कार्रवाई

रोहतक के महम में सन्नी सुसाइड मामले में पिछले करीब पांच दिन से पूरा परिवार महम के लघु सचिवालय में धरने पर बैठा हुआ है। इस मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई से असंतुष्ट परिवार न्याय की मांग कर रहा था। धरने के दौरान पुलिस व प्रशासन के अधिकारी भी परिवार की सुध लेने नहीं पहुंचे।

प्रशासन के अनदेखी के कारण परिवार व क्षेत्रवासियों में काफी रोष था। साथ ही मृतक सन्नी छाबड़ा ने उचित कार्रवाई ना होने से परेशान होकर राष्ट्रपति के नाम इच्छा मृत्यु का पत्र भी लिख दिया था। आखिरकार पांच दिन बाद महम के SDM धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने धरनारत लोगों से बातचीत की।

एसडीएम दलबीर फौगाट ने आश्वासन दिया कि परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। साथ ही कहा कि यह मामला चंडीगढ़ तक पहुंच चुका है। अब इसकी निष्पक्ष जांच की जाएगी और उचित कार्रवाई होगी। साथ ही परिवार से धरना समाप्त करने का आग्रह किया। जिसके बाद परिवार ने धरना खत्म करने का निर्णय लिया।

मृतक सन्नी के ताऊ के लड़के साहिल ने बताया कि फिलहाल एसडीएम के आश्वासन पर धरना समाप्त किया है। देखना यह है कि जो आश्वासन मिला है, उस पर कार्रवाई कैसी होती है। अगर अभी भी प्रशासन व पुलिस का रवैया ढुलमुल रहा तो वे सख्त कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

सन्नी सुसाइड मामले की जांच के लिए SP ने SIT गठित की है। इधर, आरोपी पक्ष द्वारा भी सन्नी के परिवार वालों व परिचितों पर अश्लील फोटो व वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल करने की FIR दर्ज करवाई गई है। जिसमें रमेश गिरधर ने ब्लैकमेल करने की बात कही। जिसके आधार पर पुलिस ने मृतक सन्नी के परिवार के व परिचित 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

महम निवासी प्रियंका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके पति सन्नी ने 19 अक्टूबर को बताया था कि महम की ही एक महिला ने उसे षड्यंत्र के तहत फंसाया है। जो लाखों रुपए एंठ चुकी है। उसने पैसे वापस करने के लिए घर बुलाया है। वहां महिला के घर में सन्नी के साथ झगड़ा भी किया। परिवार वाले गए तो गेट नहीं खोला।

प्रियंका ने कहा कि करीब एक-डेढ़ बजे उसकी ननद सोनम के पास सन्नी का फोन आया था। जब सन्नी उक्त महिला के घर पर ही था। सन्नी कह रहा था कि उस महिला ने आज भी उसे धोखा दिया। जिसके कारण वह जहरीला पदार्थ सल्फास पीने को मजबूर है। पत्नी व बच्चों का ध्यान रखना था, लेकिन मजबूर होकर यह कदम उठाना पड़ रहा है। सन्नी ने खुद परिवार से माफी मांगते हुए फोन काट दिया।

प्रियंका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब वह अपने घर के कमरे में अलमारी में जरूरी दस्तावेज देख रही थी तो वहां एक सुसाइड नोट भी मिला। साथ ही गोल्ड लोन के दस्तावेज भी थे। 7 पेज के सुसाइड नोट में 7 लोगों के नाम थे। इस घटना के बाद लोगों ने सन्नी की मौत पर पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट होकर रोड पर जाम भी किया था।

Exit mobile version