Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में खिली धूप, शीत लहर जारी:24 घंटे में तापमान 6.5 डिग्री तक बढ़ा; 30 से छाएंगे बादल, 1 फरवरी को बारिश

हरियाणा में एक दिन धूप खिलने से पारा चढ़ने लगा है। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी सुबह से ही सूर्य देव चमक रहे हैं। 24 घंटे में दिन के अधिकतम तापमान में 6.5 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई। हिसार का तापमान 14.5 से बढ़कर 21 डिग्री तक पहुंच गया। प्रदेश के अन्य जिलों का भी यही हाल रहा। सभी जिलों में दिन के तापमान बढ़ा है। बीती रात महेंद्रगढ़ व हिसार में तापमान 3.1 डिग्री रहा। यहां दिन गर्म और रातें ठंडी हैं।

सबसे कम अंबाला और फरीदाबाद जिलों का 17.6 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों में एक्टिव हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर से यह बदलाव देखने को मिल रहा है। अब 30 और 31 जनवरी से राज्य के अधिकांश जिलों में बादल छाएंगे और 1 फरवरी को बारिश के आसार बन रहे हैं।

हरियाणा के अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सोनीपत, पानीपत के अलावा पंचकूला, यमुनानगर, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद में ऑरेंज और महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी में सुबह-शाम हल्का कोहरा छाएगा। साथ ही कुछ जिलों में कोल्ड डे जैसे हालात बने रहेंगे। चंडीगढ़ मौसम विभाग की ओर से इन शहरों में कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम के विशेषज्ञों के अनुसार 31 जनवरी की रात से हिमालय पर ताज़ा पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव शुरू होगा। इससे पंजाब के करीब साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी विकसित होने की संभावना है। अरब सागर से दक्षिण पश्चिमी हवाएं और बंगाल की खाड़ी से पूर्वी हवाएं इस प्रणाली को नमी देंगी, जिससे सिस्टम सक्रिय होगा।1 फरवरी को पूरे दिन हरियाणा, चंडीगढ़ के कई हिस्सों में बादलवाही बढ़ेगी। गरज के साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की हो सकती है। बारिश के दौरान दिन के तापमान में भी 3 और 4 फरवरी को कमी आएगी। कोल्ड डे की स्थिति कुछ स्थानों पर लौट सकती है

हरियाणा के अधिकांश जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री से अधिक से दर्ज किया गया हैं। जिससे दिन की ठंड से राहत मिली है। रात को साफ मौसम के चलते तापमान अभी कम ही है। खेतो में पाला जमने की स्थिति बन रही है, लेकिन अब कल से न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी शुरू होगी। अगले सप्ताह तक कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5°c से अधिक हो जाएगा। जिससे पाला नही जमेगा।

Exit mobile version