पानीपत में इसराना कस्बे के लक्ष्मी नगर में 52 साल के व्यक्ति ने अपनी कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। शव को खून से लथपथ हालत में देख परिजनों ने तुरंत पुलिस को सुचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय इसराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव की जांच करके उसे कब्जे में लिया। सूचना मिलते ही एफएसएल प्रभारी डॉ. नीलम आर्य और उनकी टीम मौके पर पहुंची। मौके से काफी सांइटिफिक सबूत जुटाए गए हैं। वहीं मौके से मिले सुसाइड नोट में 5-6 व्यक्तियों को आत्महत्या का जिम्मेदार ठहराते हुए लिखा गया है कि अब फाइनेंसर लगातार उसके बेटे को भी कर्ज के तले दबा रहे हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मूल रुप से गांव कारद का रहने वाला प्रताप (52) लक्ष्मी नगर इसराना में रह रहा था। वह जनरेटर सर्विस का काम करता था। वह दो बेटों और एक बेटी का पिता था। उसका एक बेटा रोहतक में काम करता है। रोहतक में रहने वाले बेटे के लिए प्रताप ने फाइनेंसरों से रुपए उधार लिए थे। वह लगातार कर्ज चुकाने की कोशिश कर रहा था। मगर पारिवारिक और आर्थिक स्थिति बहुत ज्यादा खराब रहने के कारण वह कर्ज नहीं चुका पा रहा था। इसी बीच फाइनेंसर उस पर तत्काल रुपए देने का दबाब बना रहे थे। प्रताप फाइनेंसरों को अप्रैल माह में रुपए देने की बात कहता था, मगर फाइनेंसर प्रेशर बनाने लगे थे। उन्होंने अत्याधिक दबाब बना दिया था।

पुलिस को सुबह 8 बजे के बाद सूचना मिली थी। प्रताप के घर के नीचे एक गैराज था, जिसमें वह जनरेटर आदि रखता था। इसी गैराज में एक बेड बिछा हुआ है। सुबह जब परिजन नीचे गैराज में पहुंचे तो उनके पैरों तले की जमीन खिसक गई। परिजनों ने देखा कि गैराज के बेड पर खून से लथपथ हालत में प्रताप का शव पड़ा हुआ है।

पुलिस व एफएसएल टीम की संयुक्त जांच में सामने आया कि प्रताप ने बेड पर लेटे हुए कनपटी पर दाहिने ओर गोली मारी है। मृतक के हाथ से ही पिस्तौल बरामद हुई है। इसके अलावा मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने अपनी सारी परेशानियों का जिक्र किया हुआ है। फिलहाल पुलिस ने सुसाइड नोट समेत तमाम सबूतों को अपने कब्जे में ले लिया है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!