हरियाणा के करनाल में कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज की तीसरी मंजिल से कूदकर एक युवक ने सुसाइड कर लिया। वह अपनी गर्भवती पत्नी को दिखाने के लिए अस्पताल में आया था। आरोप है कि यहां पत्नी की दादी ने उसे ताने मारने शुरू कर दिए। उसने सुसाइड करने की सोची फिर रुक गया। जब वह दोबारा पत्नी के पास गया तो दादी ने उसे कहा कि ‘या तो चला जा या मर जा’।
इससे आहत होकर युवक ने बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। युवक के परिजनों ने उसकी पत्नी के मायके वालों के खिलाफ शिकायत दी है।
मृतक युवक की पहचान रांवर गांव निवासी रजत (28) के रूप में हुई है। वह एक फैक्ट्री में काम करता था। उसके पिता इंद्रजीत ने बताया कि रजत मेरा इकलौता बेटा था। एक साल पहले उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी। कई बार थाने में शिकायतें दी गईं। 3 बार पंचायत भी हो चुकी थी। रजत की पत्नी बार-बार अलग होने का दबाव बना रही थी।
इंद्रजीत ने आगे बताया कि 28 जुलाई की रात रजत अपनी गर्भवती पत्नी को लेकर करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज पहुंचा था। डॉक्टरों ने पत्नी को भर्ती कर लिया। इसी दौरान पत्नी की दादी भी वहां पहुंची और रजत को खरी-खोटी सुनानी शुरू कर दी। दादी ने कहा कि सरकारी अस्पताल में क्यों लाया, प्राइवेट में क्यों नहीं ले गया और भी कई उलाहने दिए।
रजत के पिता ने कहा कि इससे आहत होकर रजत तीसरी मंजिल पर गया और कुर्सी पर चढ़ा, लेकिन उसने खुद को रोक लिया और नीचे लौट आया। दादी ने फिर कहा कि ‘यहां से चला जा या मर जा’। इतना कहते ही रजत तीसरी मंजिल पर गया और इस बार सीधे छलांग लगा दी। परिजन तुरंत उसे अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई और चंडीगढ़ PGI रेफर कर दिया।
उन्होंने आगे बताया कि 6 अगस्त को हम रजत को PGI से लेकर दोबारा कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज आ गए। यहां उसका इलाज चल रहा था। 7 अगस्त की सुबह रजत ने दम तोड़ दिया। पत्नी से विवाद की वजह से रजत मानिसक तनाव में था और फिर दादी के तानों ने उसे पूरी तरह तोड़ दिया था।

