Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा की महिला IPS अफसर का निधन: 48 साल की उम्र में अंतिम सांस ली; पति महाराष्ट्र में IG, मां भी IAS अधिकारी रह चुकी

हरियाणा की IPS अधिकारी स्मिति चौधरी का शुक्रवार को अचानक 48 साल की उम्र में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से बीमार थीं, जिस वजह से छुट्‌टी पर चल रहीं थी। जिसके बाद वह पति से मिलने महाराष्ट्र के नासिक में गई थीं। उनके पति राजेश कुमार भी IPS अधिकारी हैं। वह महाराष्ट्र में IG के पद पर हैं। वहीं पर तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। जिसके बाद वहीं उनका अंतिम संस्कार किया गया। स्मिति मूल रूप से जींद के डूमरखां कलां गांव की रहने वाली थीं। उनका जन्म 15 अगस्त 1976 को हुआ था। इसके बाद कैथल में उनकी शादी हुई थी। फिलहाल स्मिति का परिवार पंचकूला में रह रहा है।

स्मिति बतौर HPS अधिकारी हरियाणा पुलिस में आईं थी लेकिन बाद में उनकी प्रमोशन IPS के तौर पर हो गई। जिसके बाद वह 2012 बैच की हरियाणा कैडर की IPS अधिकारी बनीं। इस वक्त वह अंबाला में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के SP के पद पर तैनात थीं। स्मिति की मां जयवंती श्योकंद भी IAS अधिकारी रह चुकी हैं। इसके अलावा भी उनके मायके के परिवार में ज्यादातर रिश्तेदार बड़े अधिकारी रहे।

स्मिति चौधरी की शादी साल 1998 में कैथल के गढ़ी गांव के रहने वाले राजेश कुमार से हुई थी, जो महाराष्ट्र में IG पोस्टेड हैं। स्मिति के दादा चौधरी बसंत सिंह के परिवार के अधिकतर सदस्य अफसर हैं। बड़े बेटे रामकुमार श्योकंद कॉलेज से प्रोफेसर रिटायर हैं तो उनकी धर्मपत्नी जयवंती श्योकंद IAS अफसर रही हैं। रामकुमार का बेटा यशेंद्र IAS अफसर है। बेटी स्मिति चौधरी IPS अफसर बनीं।

बसंत सिंह के दूसरे बेटे स्व. सज्जन कुमार कॉन्फेड में जीएम थे और उनकी धर्मपत्नी कृष्णा डिप्टी डीईओ रही हैं। तीसरे बेटे वीरेंद्र एसई थे और उनकी धर्मपत्नी इंडियन एयरलाइंस में डिप्टी मैनेजर रही हैं। चौथे बेटे गजेंद्र सिंह आर्मी में कर्नल रिटायर रहे हैं और अभी निजी पायलट हैं। बसंत सिंह की बड़ी बेटी बिमला ग्रेजुएट हैं और पति इंद्र सिंह एडवोकेट हैं। उनके बेटे अनिल ढुल भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड में हैं। दूसरी बेटी कृष्णा प्रिंसिपल रिटायर्ड हैं और उनके पति रघुबीर पंघाल आर्मी में मेजर से रिटायर होने के बाद एचएयू में विभागाध्यक्ष रहे हैं। कृष्णा की बेटी दया पंघाल ईटीओ है और बेटा विक्रम डॉक्टर है। तीसरी बेटी कौशल्या पोस्ट ग्रेजुएट हैं और उनके पति रणधीर सिंह एसई पब्लिक हेल्थ रहे हैं। उनकी बेटी रितु चौधरी आईआरएस अधिकारी हैं और पति अनुराग शर्मा भी आईआरएस अधिकारी हैं।

Exit mobile version