रोहतक के मोखरा में स्कूल निर्माण के दौरान घटिया सामग्री के इस्तेमाल करने को लेकर हंगामा हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। जिससे यहां पढ़ने वाले बच्चों की जिंदगी को भी खतरा है। ऐसे में उन्होंने इसकी जांच करने की मांग की।गांव मोखरा के सरपंच प्रतिनिधि जोनी ने बताया कि राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल के नए भवन का निर्माण करवाया जा रहा है। जिसमें नियमों को ताक पर रखते हुए घटिया सामग्री लगाई जा रही है। जिसके कारण ग्रामीण स्कूल में पहुंचे थे। अब इसकी शिकायत मुख्यमंत्री, पंचायत मंत्री व गृह मंत्री आदि को की जाएगी।

ग्राम पंचायत मोखरा के सरकारी विद्यालय में चल रहे निर्माण कार्य में सरपंच सहित ग्रामीणों के द्वारा घटिया निर्माण सामग्री लगाने के आरोप लगाए। निर्माण कार्य को बंद करवाया गया। ग्रामीण व सरपंच निर्माण कार्य में ठेकेदार के द्वारा घटिया निर्माण सामग्री उपयोग में लेने की भनक लगने के बाद मौके पर पहुंचे।ग्रामीणों ने कहा कि स्कूल में घटिया किस्म की सामग्री इस्तेमाल होने से बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है। इसकी शिकायत विद्यालय के प्रधानाचार्य को दी गई। ठेकेदार से बार-बार आग्रह करने पर भी सामग्री में सुधार नहीं हो रहा। इसलिए उन्हें इकट्ठा होना पड़ा। साथ ही कहा कि गुणवत्ता में सुधार लाने पर ही आगे का कार्य शुरू होगा।
