हरियाणा में रोहतक जिला स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में छात्रों ने सोमवार को फीस बढ़ोतरी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। एमडीयू के गेट से प्रदर्शन करते हुए छात्र वीसी व रजिस्टरार कार्यालय तक गए और बढ़ी हुई फीस को वापस लेने की मांग की। सुनवाई न होने पर छात्रों ने यूनिवर्सिटी के वीसी प्रोफेसर राजबीर लोहान का पुतला भी फूंका।
एमडीयू में इनसो के छात्र नेता प्रदीप ने बताया कि यूनिवर्सिटी ने माइग्रेशन, री-एग्जाम व अन्य तरह की फीसों में एक साथ शत प्रतिशत की वृद्धि कर दी है। माइग्रेशन फीस 500 रुपए से 1000 रुपए कर दी है। वहीं री-एग्जाम की फीस भी 300 से बढ़ाकर 500 रुपए कर दी गई है। यूनिवर्सिटी प्रशासन को यह भ्रम है कि कोरोना काल चलते छात्र इसका विरोध नहीं करेंगे, लेकिन उनकी यह सोच गलत है। बढ़ी हुई फीस छात्रों पर आर्थिक दबाव डाल रही है। इसका पूरा विरोध किया जाएगा।
यूनिवर्सिटी में छात्रों के मसले बढ़ते ही जा रहे हैं। 2 सप्ताह पहले छात्रों ने यूनिवर्सिटी में कैंटीन खोलने, हॉस्टलों में सभी छात्रों को अलॉटमेंट देने व पार्किंग की व्यवस्था आदि करने के मसले पर प्रदर्शन किया था। तब छात्रों ने आरोप लगाया था कि वीसी उनकी बात सुनने के लिए अपने कार्यालय से बाहर नहीं आए और पीछे के गेट से निकल कर चले गए थे। तब छात्रों की मांगों को रजिस्ट्रार ने सुना था।
