Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सेल्फी लेते वक्त 50 फीट खाई में गिरी छात्रा:हांसी किले पर हादसा, 100 से ज्यादा की भीड़, किसी ने हेल्प नहीं की; होमगार्ड ने बचाई जान

हरियाणा के हांसी में ऐतिहासिक पृथ्वीराज चौहान किले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. किला देखने आई एक छात्रा अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में छात्रा को गंभीर चोटें आई हैं. घायल छात्रा की पहचान अंजली, पिता का नाम सतवीर, निवासी सोखी के रूप में बताई जा रही है. छात्रा की हालत गंभीर होने के चलते उसे प्राथमिक उपचार के बाद हिसार रेफर कर दिया गया.

आपको बता दें कि हादसे की सूचना मिलते ही किला बाजार चौकी पर तैनात होमगार्ड जवान राजेश और एक फौजी समेत तीन लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. होमगार्ड जवान राजेश के मुताबिक ने बताया कि उन्हें एक युवक ने बताया कि किले के नीचे एक लड़की गिर गई है. सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे. ऊपर से देखने पर पता चला कि छात्रा करीब 50 फीट नीचे गिरी हुई थी.

इसके बाद जवान और अन्य लोगों ने नीचे उतरकर घायल छात्रा को उठाया और करीब 30 फीट नीचे तक लेकर आए. इसके बाद 112 एंबुलेंस को सूचना दी गई और घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं होमगार्ड जवान ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर करीब 100 लोग जमा हो गए थे, लेकिन मदद के लिए बहुत कम लोग आगे आए. उन्होंने कहा कि ऐसे समय में लोगों को वीडियो बनाने के बजाय घायल की मदद के लिए आगे आना चाहिए.

फिलहाल छात्रा का इलाज अग्रोहा में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. परिवार को हादसे की सूचना दे दी गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि आखिर छात्रा किन परिस्थितियों में किले से नीचे गिरी. वहीं किला चौकी इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि छात्रा को गंभीर हालत में अग्रोहा रेफर किया गया है. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है. चौकी इंचार्ज के मुताबिक परिजनों की शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार मामला दर्ज किया जाएगा. पुलिस हादसे की परिस्थितियों और छात्रा के किले से गिरने के कारणों की जांच में जुटी हुई है.

Exit mobile version