हरियाणा के पंचकूला में एक छात्र ने सुसाइड कर लिया। छात्र ने घर पर ही फंदा लगाया। परिवार के मुताबिक, बीकॉम फाइनल ईयर में फेल हाेने पर छात्र ने यह कदम उठाया। इसकी सूचना मिलते ही चंडी मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाया कर पोस्टमॉर्टम के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया।
मृतक छात्र की पहचान पंचकूला के सुलतानपुर गांव निवासी नीतेश के रूप में हुई। वह पिछले साल फाइनल ईयर परीक्षा के एक पेपर में फेल हो गया था। कंपार्टमेंट तोड़ने के लिए उसने अप्लाई किया। दोबारा परीक्षा हुई तो वह फिर से फेल हो गया।
इस कारण वह मायूस होकर घर पर ही गुमसुम रहने लगा। डिप्रेशन में चले जाने के कारण परिवार ने उसका मनोरोग उपचार भी शुरू करवा दिया था। मगर, उसने घर पर अकेला होते ही फंदा लगा लिया। बेटे की मौत से परिवार में गम का माहौल है।
माता-पिता ज्यादा दुखी है। परिवार के मुताबिक, छात्र के पिता ने 47 साल की उम्र में कड़ी मेहनत कर सरकारी नौकरी पाई। उसकी मां ने दो महीने पहले ही जेबीटी टीचर की परीक्षा दी। दोनों का मानना है कि कड़ी मेहनत से सब कुछ हासिल किया जा सकता है। मगर, वे अपने बेटे को मोटिवेट नहीं कर सके।
चंडीमंदिर थाना के जांच अधिकारी प्रवीन कुमार ने बताया कि युवक डिप्रेशन में चल रहा था। इसके कारण उसने फंदा लगा लिया। मृतक के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। सीन ऑफ क्राइम टीम से पूरी जांच करवाई गई है। युवक पेपर में फेल होने के बाद से परेशान चल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अभी परिवार की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।
