Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में कुट्टू के आटे की रोटी खाने से छात्रा की मौत

हरियाणा के रोहतक जिले की हनुमान कॉलोनी से नवरात्रि के दिनों में दुखद खबर आई है। कॉलोनी में रहने वाली एक छात्रा की कुट्टू के आटे की रोटी खाने से हालत बिगड़ गई है। परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची व शव को कब्जे में लिया। इसके बाद परिजनों के बयान लिए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भिजवाया गया, जहां उसका पोस्टमार्टम कुछ ही देर बाद होगा। पुलिस जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, हनुमान कॉलोनी में रहने वाली राधिका (24) बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा थी। उसने नवरात्रि के सभी व्रत रखे थे।

सोमवार शाम को उसने कुट्टू के आटे की रोटी खाई। कुछ देर बाद उसके सिर में दर्द होने लगा।

सिर के साथ-साथ पेट दर्द होने लगा। इसके बाद वह उल्टियां करने लगी। हालत ज्यादा बिगड़ती देख, उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से दवाई दिलवाकर परिजन उसे वापस घर ले आए। मगर घर आने के बाद भी उसकी हालत में कुछ सुधार नहीं आया। उसे पेट में दर्द और भी ज्यादा होने लगा तो परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया। रातभर उपचार के बाद सुबह उसकी मौत हो गई। सुबह 7 बजे पुलिस को सूचना दी गई।

मामले की जांच कर रहे पुलिसकर्मी प्रदीप का कहना है कि प्रारंभिक दृष्टि में यह फूड प्वॉइजनिंग से मौत लगती है। फिर भी परिजनों के ब्यानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मृतक युवती की एक बहन व एक भाई है।

Exit mobile version