Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

Agnipath Protest: अग्निपथ के विरोध के बाद कोचिंग संस्थानों पर सख्ती- एकेडमी, जिम और कोचिंग सेंटर अगले आदेश तक बंद

Agnipath Protest: केन्द्र सरकार के द्वारा सेना में भर्ती को लेकर लाई गई अग्निपथ योजना के विरोध को देखते हुए रेवाड़ी जिला कलेक्टर अशोक कुमार गर्ग ने तत्काल प्रभाव से कोचिंग सेंटर, एकेडमी और जिम बंद करने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही अधिकारियों से आदेशों को सख्ती से लागू कराने के निर्देश दिए।

रेवाड़ी जिला कलेक्टर अशोक कुमार गर्ग

कलेक्टर ने जारी आदेश में कहा कि सेना में युवाओं की भर्ती के लिए केंद्र सरकार द्वारा जारी अग्निपथ योजना के विरोध में छात्र संगठनों व राजनीतिक दलों के युवा संगठनों द्वारा जिले की शांति व्यवस्था को भंग करने का अंदेशा है। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से रेवाड़ी में चल रहे सभी जिम, एकेडमी व कोचिंग सेंटर को बंद रखने के आदेश जारी करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह अगले आदेश तक जारी रहेंगे।

बता दें कि अग्निपथ योजना विरोध में 5 दिन पहले 16 जून को रेवाड़ी में जमकर बवाल हुआ था। सैकड़ों युवाओं ने उग्र प्रदर्शन करते हुए ना केवल तोड़फोड़ की, बल्कि पथराव तक कर दिया था। बाद में नाईवाली चौक पर पुलिस को लाठचार्ज करना पड़ा था। इसके बाद से ही जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। स्टेशन से लेकर बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक पैलेस पर पुलिस फोर्स तैनात की गई है। रेवाड़ी में बाद अगले ही दिन नारनौल में उग्र प्रदर्शन हुए थे। वहां भी पुलिस को दो बार लाठीचार्ज करना पड़ा।

3 दिन पहले महेंद्रगढ़ में तो उग्र प्रदर्शनकारियों ने जमकर बवाल काटा था। यहां हालात इस कदर तनावपूर्ण हो गए कि पुलिस को संभालने में ही काफी वक्त लगा। प्रदर्शनकारियों ने न केवल तोड़फोड़ की, बल्कि कई जगह आगजनी भी की थी। रेलवे ट्रैक जाम कर दिया था। कई शोरूम के शीशे तोड़ने के साथ ही 3 गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद वहां धारा 144 लागू करते इंटरनेटबंद करना पड़ा था। हालांकि पिछले दो दिनों से रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ दोनों ही जिलों में माहौल शांत है।

Exit mobile version