Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

भोपाल में आवारा कुत्तों ने 4 साल ​की मासूम को शिकार बनाया:​​​​​​ सिर, कान और हाथ नोंच खाए

शहर में एक बार फिर कुत्तों का आतंक सामने आया है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बागसेवनिया की अंजलि विहार कालोनी में शनिवार शाम सवा चार बजे पांच कुत्तों के झुंड ने सड़क पर गुजर रही चार साल की गुड्डी बंसल को नोच डाला।बच्ची के सिर, कान और हाथ में गहरे घाव हुए हैं।

कवर्ड कैंपस में निर्माणाधीन मकान में बच्ची के पिता राजेश बंसल मजदूरी करते हैं। शनिवार शाम उनकी चार साल की बेटी गुड्‌डी पास ही खेल रही थी, तभी वहां झुंड में आए कुत्तों ने उस पर हमला किया। वह दौड़कर आई, लेकिन कुत्तों ने उसे चारों ओर से घेर लिया और नोचने लगे। एक युवक ने पत्थर मारकर कुत्तों को भगाया।

लहूलुहान हुई गुड्डी को जेपी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से डाक्टरों ने यह कहते हुए रेफर कर दिया कि जेपी अस्पताल में एंटी रैबीज वैक्सीन शाम चार बजे के बाद नहीं लगती। स्वजन उसे लेकर हमीदिया अस्पताल गए। यहां भी प्रारंभिक इलाज के बाद उसकी छुट्टी कर दी गई। हालांकि, बालिका को कहीं भी टांके लगाने की जरूरत नहीं पड़ी है। कुत्तों के हमले की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।

बालिका के पिता राकेश बंसल ने बताया कि भोपाल में कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। यहां के कुत्ते बहुत खतरनाक हैं। इसके पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि बालिका सड़क पर खेल रही थी। तभी पहले तीन कुत्तों ने उसे दौड़कर घेरने की कोशिश की। बालिका भागने लगी। इसी बीच दो और कुत्ते आ गए। वह बच्ची को नोचने लगे, जिससे वह गिर गई। इसके बाद चार कुत्तों ने उसे सिर से पैर तक नोचना शुरू कर दिया। पास में युवक ने बच्ची की चीख-पुकार सुनी। दौड़कर उसने कुत्तों को पत्थर मारा तब वह भागे। युवक नहीं आता तो कुत्ते बच्ची को बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचा सकते थे।

भोपाल में चार साल पहले जनवरी में ही पुतलीघर के पास कुत्तों ने दो साल के बच्चे को नोचकर मार डाला था। इसके बाद से लगातार कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन नगर निगम गंभीर नहीं है। कुत्तों की नसबंदी के दावे किए जाते हैं, लेकिन उनकी संख्या बढ़ती जा रही है।

Exit mobile version