Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

अस्पताल में घुस 2 दिन के नवजात को उठाकर ले गए आवारा कुत्ते; क्षत विक्षत हालत में मिला मासूम का शव

पानीपत से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है जिसमें कुछ अवारा कुत्ते एक 2 दिन के नवजात बच्चे को अस्पताल में घुस कर उठा ले गये और मासूम को मार डाला। बच्चे का शव क्षत विक्षत हालत में मिला है। यह वारदात सेक्टर 13-17 स्थित एक अस्पताल की है।

मिली जानकारी के अनुसार, सेक्टर 13-17 थाना क्षेत्र के अंर्तगत एक अस्पताल है, जहां 25 जून को शबनम पत्नी आस मोहम्मद निवासी फोरगाण कैराना यूपी डिलिवरी के लिए एडमिट हुई थी। शबनम ने उसी रात 8.15 बजे एक लड़के को जन्म दिया। वह अस्पताल की पहली मंजिल स्थित जनरल वार्ड के एक कमरे में भर्ती हुई। सोमवार रात कमरे में बच्चे के साथ मां-पिता, दादी व ताई भी मौजूद थे। मां बेड पर सोई हुई थी, जबकि पिता, दादी और ताई नीचे फर्श पर सोए हुए थे।

बच्चे को दूध पिलाने के बाद दादी और ताई ने उसे नीचे अपने पास फर्श पर ही लिटा लिया था। इसी बीच रात करीब 2:15 बजे परिजनों की आंख खुली तो बच्चा नहीं था। तलाशते हुए परिजन दौड़ कर अस्पताल के बाहर पहुंचे तो देखा कि बच्चा एक कुत्ते के मुंह में था। कुत्ता बच्चे को नोच रहा था। परिजनों ने किसी तरह बच्चे को कुत्ते से छुड़वाया और तुरंत अस्पताल ले गए। डॉक्टरों से चैक करवाया तो उसे मृत घोषित कर दिया गया। यह सुनने के बाद परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। अस्पताल परिसर में चीख पुकार मच गई।

बच्चे के शव को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया गया है। वहीं मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर सुरक्षा संबंधी सवाल उठाए। सीसीटीवी चैक पर कुत्ता बच्चे को 2:07 मिनट पर अस्पताल से बाहर ले जाता दिखाई दे रहा है।

Exit mobile version