Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में आवारा कुत्ते ने युवती को गिराकर काटा, बीच सड़क हुई घटना

रोहतक। हरियाणा के रोहतक में आवारा कुत्ते के हमले का मामला सामने आया है। ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में सड़क से गुजर रही एक युवती पर अचानक एक स्ट्रीट डॉग ने हमला कर दिया। कुत्ते के झपटने से युवती सड़क पर गिर गई, जिसके बाद कुत्ते ने उसके पैर में काट लिया।

युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे और कुत्ते को वहां से भगाया। घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर कुत्ता अचानक युवती की तरफ दौड़ता और उस पर हमला करता दिखाई दे रहा है। हमले के दौरान युवती सड़क पर गिर जाती है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस कुत्ते ने करीब आधे घंटे के भीतर इलाके में पांच से छह लोगों को काटा। लगातार हुई घटनाओं के बाद कॉलोनी के लोगों में डर का माहौल है। हालांकि, कितने लोगों को कुत्ते ने काटा, इसकी आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है।

इस घटना ने एक बार फिर शहर में आवारा कुत्तों से लोगों की सुरक्षा और उनके नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग संबंधित विभाग से इलाके में आवारा कुत्तों को लेकर उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Exit mobile version