Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में आवारा कुत्तों का हमला बना जानलेवा, शुगर मिल कर्मचारी जयवीर की मौत

रोहतक/महम। रोहतक जिले के महम क्षेत्र के गांव खरकड़ा में आवारा कुत्तों के हमले में शुगर मिल कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव खरकड़ा निवासी जयवीर के रूप में हुई है। जयवीर ड्यूटी खत्म करने के बाद इलेक्ट्रिक स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव की एक गली में आवारा कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार, कुत्तों के अचानक हमले से जयवीर की स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद कुत्तों ने उन पर दोबारा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने कुत्तों को भगाकर उन्हें बचाया और उपचार के लिए पीजीआई रोहतक पहुंचाया। हालांकि, गंभीर चोटों केचलते इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुके हैं आवारा कुत्ते

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आवारा कुत्तों का आतंक पहले से ही बना हुआ है। इससे पहले भी कुत्ते कई लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुके हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, इस समस्या को लेकर प्रशासन के सामने शिकायत भी रखी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

घटना के बाद गांव में चिंता और रोष का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने और गांव के लोगों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

गांव में किया गया अंतिम संस्कार

महम थाना प्रभारी रोशनलाल ने बताया कि उन्हें गांव खरकड़ा निवासी जयवीर पर कुत्तों के हमले की सूचना मिली थी। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया कि आवारा कुत्तों ने उन पर हमला किया था। घायल जयवीर को पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया था, जहां दोपहर बाद उनकी मौत हो गई। गांव में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Exit mobile version