हरियाणा, पंजाब और हिमाचल में शनिवार शाम को कई जिलों में मौसम बिगड़ गया। हरियाणा के हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, जींद, कुरुक्षेत्र और पंचकूला में तूफान के साथ तेज बारिश हुई। फतेहाबाद में तो सड़कों पर एक फीट तक पानी जमा हो गया।
मौसम विभाग ने आज हरियाणा के 6 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल शामिल हैं। पानीपत में आज सुबह भी बारिश होने के साथ तेज हवाएं चलीं। हालांकि, अभी लगभग सभी जिलों में मौसम साफ है।
मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार शाम को पाकिस्तान से पंजाब और राजस्थान होते हुए तूफान हरियाणा और पंजाब में एंटर किया। हरियाणा में रात को 16 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया। इनमें गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद, जींद, सोनीपत, पानीपत और कैथल शामिल हैं।
पंजाब में कई जगह रात को मौसम बिगड़ा। लुधियाना में 5 मंजिला बिल्डिंग की दीवार गिर गई, जिससे नीचे खड़े एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। अमृतसर में आंधी के कारण पुलिस के बैरिकेड तक उड़ गए। जालंधर के नामदेव चौक पर गाड़ियों पर लोहे की शटरिंग गिरी। फिरोजपुर में तेज आंधी के चलते बिजली गुल हो गई है। विभाग ने 5 घंटे तक पूरे पंजाब में तूफान का अलर्ट जारी किया है।

