Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 8 जिलों में आंधी का अलर्ट:40KM/H की स्पीड से गर्म हवाएं चलेंगी; गरज-चमक के साथ बादल छाएंगे, हल्की बारिश के आसार

हरियाणा में भीषण गर्मी का दौर जारी है। आज मौसम में बदलाव के आसार दिख रहे हैं। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए सूबे के 8 जिलों में आंधी का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी गर्म आंधी चलेगी। इस दौरान गरज-चमक के साथ बादल छाएंगे।

यह बदलाव दोपहर बाद देखने को मिल सकता है। अन्य 14 जिलों में भी हीटवेव को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 20 जून यानी कल से सूबे के अधिकांश जिलों में प्री-मानसून की बौछारें पड़ सकती है, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

जिन 8 जिलों को अलर्ट पर रखा गया है उनमें पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सिरसा, फतेहाबाद और जींद शामिल हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ 19 जून को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से एक चक्रवातीय सर्कुलेशन दक्षिणी पंजाब के आसपास बनेगा। इसके चलते 19-21 जून के दौरान संपूर्ण इलाके पर आंशिक बादलवाही का असर दिखेगा। हरियाणा के उत्तरी जिलों पर सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। धीरे-धीरे शेष हरियाणा पर भी प्रभाव आएगा।

इसको देखते हुए मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में हल्की बारिश होने के आसार हैं।

Exit mobile version