Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

MP से वारंट निकलने के बाद महिला को पकड़ने गई पुलिस पर पथराव; पति समेत 2 और गिरफ्त में

पलवल के गांव चांदहट में महिला कमला बावरिया की गिरफ्तारी के बाद भड़के परिजनों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। लोगों ने पुलिस की गाड़ी का शीशा तोड़ पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की कर जान से मारने की धमकी भी दी। बाद में एमपी पुलिस की टीम महिला को गिरफ्तार कर साथ ले गई।

दूसरी ओर पलवल पुलिस ने महिला के पति समेत 1 9 के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस गाड़ी पर पथराव करने व पुलिस कर्मियों को जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला के पति और एक अन्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पलवल जिले के चांदहट थाना प्रभारी रामचंद्र जाखड़ से मिली जानकारी के मुताबिक जिला दतिया (मध्यप्रदेश) के अटरैटा थाना के एएसआई राजबहादुर, सिपाही संजय, रवि व रीना की टीम चांदहट थाने पहुंची थी। वहां की जज स्वाति चौहान की अदालत ने एक मामले में चांदहट गांव की महिला कमला बावरिया का गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

चांदहट थाना और एमपी पुलिस की टीम ने गांव में जाकर चांदहट गांव निवासी कमला को उसके घर से काबू कर लिया। पुलिस उसे लेकर लौटने लगी तो कमला के परिजनों ने पुलिस टीम पर हमला दिया और पथराव किया। पथराव में चांदहट थाना की सरकारी गाड़ी का शीशा टूट गया। परिजनों ने पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की कर जान से मारने की धमकी दी।

चांदहट थाना पुलिस ने आरोपी महिला के पति विजय, राजू, सुनील, अशोक, बीर सिंह व 10-15 अन्य के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस वाहन को तोड़ने व पुलिस कर्मियों को जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया। चांदहट थाना पुलिस ने आरोपी महिला कमला बावरिया को गिरफ्तार कर मध्य प्रदेश पुलिस के हवाले कर दिया। जिसे पुलिस अपने साथ मध्य प्रदेश ले गई। जबकि चांदहट पुलिस ने पुलिस टीम पर हमला करने के आरोपी महिला के पति विजय व राजू को गिरफ्तार कर लिया है।

चांदहट थाना प्रभारी रामचंद्र जाखड़ का कहना है कि पुलिस टीम गिरफ्तार आरोपियों से उनके अन्य साथी आरोपियों के नाम-पता मालुम कर उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लेगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है, जो उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Exit mobile version