Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में पुलिस चौकी पर पथराव: 3 पुलिसकर्मी घायल– नशीले पदार्थ पकड़ने के लिए रेड कर रही थी पुलिस: पुलिस व तस्करों में हुआ टकराव

रोहतक में नशा तस्करों को पकड़ने के लिए बुधवार देर रात को छापामारी करने गई पुलिस पार्टी व तस्करों में टकराव हो गया। पुलिस ने तस्करों को नियंत्रित करने के लिए सख्ती बरती। विरोध स्वरूप लोगों ने पहले पुलिस कर्मियों पर, फिर इंदिरा कॉलोनी पुलिस चौकी में पथराव किया, जिसमें 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए।

आपको बता दे पुलिस ने नशा तस्करी की शिकायत मिलने पर शहर के करतारपुरा, गढ़ी मोहल्ला व खोकराकोट में रेड की। पुलिस ने फर्जी ग्राहक बना कर नशा तस्कर के पास भेजा। जब नशा तस्कर को पकड़ा तो पुलिस को कॉलोनी के लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। गिरफ्तारी पर भड़के लोगों ने पुलिस को घेर लिया।

पुलिस ने लोगों पर भी सख्ती की, जिसके बाद कॉलोनी वासियों का गुस्सा बढ़ गया। लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसके कारण पुलिस पार्टी को बचने के लिए वहां से निकलना पड़ा। पुलिस इंदिरा कॉलोनी पुलिस चौकी में पहुंची तो लोग भी चौकी में पहुंच गए, जहां भी पथराव किया गया।

इस विरोध को देखते हुए थानों की पुलिस फोर्स भी मौके पर बुलानी पड़ी। तब जाकर मामला शांत हुआ। वहीं इस घटना में 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें संजय, मनोज व सरिता शामिल हैं। इन घायलों में से 2 को रोहतक PGI में रेफर किया गया है। वहीं एक का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

Exit mobile version