Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

खाटू श्याम मंदिर में चले लाठी-डंडे, दुकानदारों ने श्रद्धालुओं पर बरसाए डंडे; महिलाओं-बच्चों को भी नहीं..

राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटू श्याम मंदिर में पूजा करने आए मध्य प्रदेश के एक परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई। उनका कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने बारिश के दौरान एक दुकान के सामने शरण लेने की थी, जिससे दुकानदार नाराज हो गए।इस घटना के सिलसिले में दो दुकानदारों और दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, लगभग आठ लोगों का एक परिवार, जिसमें तीन महिलाएं और एक नाबालिग लड़की शामिल थी, खाटू श्याम मंदिर में पूजा करने आया था। भारी बारिश के कारण वे मंदिर के पास एक दुकान के सामने खड़े हो गए। जब ​​दुकानदार ने उन्हें दुकान खाली करने के लिए कहा, तो उन्होंने बारिश खत्म होने तक उन्हें वहीं रहने देने का अनुरोध किया। हालांकि, वह परिवार को वहां से हटने पर ज़ोर देता रहा। परिवार को जबरन बाहर निकाल दिया गया, लेकिन दुकानदार उनसे बहस करता रहा।

श्रद्धालुओं ने दुकानदार से थोड़ी देर वहीं पर रुकने देने की गुहार लगाई। इसी बात को लेकर दुकानदार ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। मामला इतना बढ़ गया कि दुकानदारों ने लाठी और डंडों से पिटाई करना शुरू कर दिया। श्रद्धालुओं के मुताबिक दुकानदारों ने महिलाओं के साथ भी मारपीट की। यहां तक की उनके मंगलसूत्र और सोने की चेन तक तोड़ दी। पुलिस ने मामले में 4 दुकानदारों को गिरफ्तार किया है।

एसएचओ के मुताबिक मामले में 4 दुकानदारों मांगीलाल पुत्र नरसीराम निवासी चौमूं, मेघराज योगी पुत्र सांवलराम योगी निवासी ससाड़ी पाड़ा, सवाई माधोपुर, राजकुमार पुत्र भगवान सहाय कुमावत निवासी इटावा धाना, रेनवाल और राकेश मीणा पुत्र रामचंद्र निवासी खंडेलसर को गिरफ्तार किया है। वहीं एक आरोपी दुकानदार मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

दैनिक भास्कर के मुताबिक श्रद्धालु निखिल यादव ने बताया को बताया- हम अपने परिवार के साथ बाबा श्याम के दर्शन करने के लिए मंदिर की तरफ जा रहे थे। खाटू में तेज बारिश हो रही थी। बारिश से बचने के लिए हम श्याम कुंड के पास दूसरे नंबर की दुकान में रुक गए।इतने में दुकानदार चिल्लाने लगे कि आगे चले जाओ। इसके बाद महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। दुकानदारों ने महिलाओं को डंडे मारे और उनके साथ भी मारपीट की। साथ ही महिलाओं के मंगलसूत्र और सोने की चेन भी तोड़ दी।

महिला श्रद्धालु निक्की जादम के मुताबिक दुकानदारों ने हमारा ब्लाउज पकड़कर खींच लिया। गले में पहना मंगलसूत्र और चेन भी तोड़ दिए। बहुत मारा हम लोगों को, हमारे शरीर पर जगह-जगह डंडों के निशान बन गए।एक अन्य महिला श्रद्धालु ने बताया- मुझे सबसे ज्यादा मारा गया है। मेरे सिर में भी चोट लगी है और टांके आए हैं। उन्होंने (दुकानदारों) हमारे मंगलसूत्र तोड़ लिए और चेन खींच ली। उन्होंने हमें बहुत मारा।

इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। खाटू श्यामजी थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि परिवार की पिटाई करने के आरोप में दो दुकानदारों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। थाना प्रभारी ने कहा- “बारिश के दौरान परिवार के सदस्य एक दुकान पर खड़े थे। दुकानदार ने उन्हें वहां से हटने के लिए कहा तो झगड़ा शुरू हो गया।” 

अभी श्रद्धालुओं की ओर से दुकानदारों के खिलाफ कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, दुकानदारों का कहना है कि श्रद्धालुओं ने दुकान में बिना अनुमति घुसकर हंगामा किया।

Exit mobile version