Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गुरुग्राम में सौतेले पिता की कुदाल से हत्या, आरोपी बेटा फरार

गुरुग्राम जिले के पटौदी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने अपने सौतेले पिता की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान मनोज के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के हसलपुर गांव का रहने वाला था। वह वर्तमान में पटौदी में अपने परिवार के साथ रह रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि मनोज ने करीब 13 वर्ष पहले आरोपी शिवम उर्फ शिवा की मां से शादी की थी। बताया जा रहा है कि शिवम इस शादी से खुश नहीं था और इसी बात को लेकर उसके अपने सौतेले पिता के साथ अक्सर विवाद होते रहते थे।जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात मनोज और शिवम के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर कुदाल से मनोज के सीने और शरीर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण मनोज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर पटौदी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और खून से लथपथ शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में प्रेमपाल की शिकायत पर आरोपी शिवम उर्फ शिवा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version