Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक मे 2 से 4 अगस्त तक आयोजित होगा राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ,प्रदेशभर से 1840 खिलाड़ी लेंगे भाग


रोहतक, 28 जुलाई : उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने 2 से 4 अगस्त तक रोहतक में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ की तैयारियों के संदर्भ में अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे खेल महाकुंभ के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करना सुनिश्चित करें। खेल महाकुंभ में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों के ठहरने व खाने-पीने के प्रबंधों के साथ-साथ महिला खिलाडिय़ों की सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाए।
धर्मेंद्र सिंह स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में अधिकारियों के साथ खेल महाकुंभ की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग खेल महाकुंभ के लिए विभाग से संबंधित प्रबंधों को समय पर पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता स्थल, ठहरने के स्थल पर साफ-सफाई के अलावा सुरक्षा के प्रबंध किए जाए तथा सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि खेल विभाग द्वारा सभी प्रतिभागी खिलाडिय़ों के लिए खाने केे प्रबंध किए जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि खिलाडिय़ों को ताजा व शुद्घ खाना उपलब्ध करवाया जाए।
उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि 2 से 4 जुलाई तक रोहतक में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में बॉक्सिंग, नेटबॉल व फुटबॉल की प्रतियोगिताए आयोजित होगी। प्रदेशभर से 1840 खिलाड़ी इन प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे। इन प्रतियोगिताओं में प्रदेश केे सभी जिलों से 920 लडक़े व 920 लड़कियां भाग लेगी। उन्होंने खेल विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ तालमेल कर खिलाडिय़ों के ठहरने के प्रबंध करवाएं।
धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा खेल महाकुंभ के दृष्टिïगत स्थानीय राजीव गांधी खेल परिसर स्थित शौचालयों की मरम्मत करवाई जाए ताकि खिलाडिय़ों को ठहरने के दौरान कोई असुविधा न हो। उन्होंने पुलिस विभाग केे अधिकारियों से कहा कि वे महिला खिलाडिय़ों के ठहरने के स्थल व प्रतियोगिता स्थलों पर सुरक्षा के प्रबंध करें। खिलाडिय़ों के आवागमन के लिए परिवहन विभाग द्वारा पर्याप्त बसें उपलब्ध करवाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा खेल स्थलों पर एंबुलेंस सेवा भी उपलब्ध करवाई जाए। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा संबंधित स्थलों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, उपमंडलाधीश उत्सव आनंद, आशीष कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मंजीत कुमार, नगराधीश अंकित कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, जिला राजस्व अधिकारी प्रमोद चहल, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की खेल निदेशक डॉ. शकुंतला बेनीवाल, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी दिलजीत सिंह, उप सिविल सर्जन डॉ. राजबीर सभ्रवाल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे

Exit mobile version