रोहतक में शनिवार से हरियाणा राज्य स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिता का आगाज हो गया है। जिसमें प्रदेश के सभी 22 जिलों से आए 5200 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इस दौरान शहर की अलग-अलग 6 जगहों पर 11 इवेंट आयोजित हुए, जिसमें विद्यार्थियों ने भाग लिया।
राज्य स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिता का रोहतक के राजीव गांधी खेल स्टेडियम में शुभारंभ किया गया। इस दौरान रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार पहुंचे। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। वहीं प्रशासन द्वारा बच्चों के ठहरने से लेकर अन्य व्यवस्थाएं की हुई है। इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी।
तीन दिवसीय राज्य स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिता का आयोजन रोहतक में हो रहा है। शनिवार से आरंभ होकर ये प्रतियोगिताएं 21 अक्टूबर तक चलेंगी। वहीं जिला स्तर पर जीतने के बाद बच्चों को यहां खेलने का मौका मिला है। प्रतियोगिता का आयोजन 6 स्थानों (राजीव गांधी खेल स्टेडियम, सर छोटूराम स्टेडियम, अगस्त्य इंटरनेशनल स्कूल, मानव रचना स्कूल सुनारिया, जेड ग्लोबल स्कूल तथा पठानिया पब्लिक स्कूल) पर हो रहा है।
पठानिया पब्लिक स्कूल में लड़कों और लड़कियों के विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए। जिसके 1276 प्रतिभागियों में प्रत्येक जिला से 29 लड़के एवं 29 लड़कियां शामिल। राजीव गांधी खेल स्टेडियम में आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 704 खिलाड़ी प्रतिभागी हैं। प्रतियोगिता में प्रत्येक जिले से 16 लड़के और 16 लड़कियां हैं। अगस्त्य इंटरनेशनल स्कूल में योग, शतरंज एवं कैरम की प्रतियोगिताओं में 748 खिलाड़ी हैं। इनमें प्रत्येक जिला से 17 लड़के और 17 लड़कियां शामिल हैं।
मानव रचना सुनारिया में कबड्डी, टग ऑफ वॉर और खो-खो की प्रतियोगिताओं में 1584 प्रतिभागी हैं। इनमें प्रत्येक जिला से 36 लड़के और 36 लड़कियां शामिल रहे। ओमैक्स सिटी स्थित जेड ग्लोबल स्कूल में स्केटिंग प्रतियोगिता में 264 खिलाड़ियों में प्रत्येक जिला से 6 लड़के और 6 लड़कियां शामिल हैं। सर छोटूराम स्टेडियम में कुश्ती तथा जिम्नास्टिक की प्रतियोगिताओं में 704 खिलाड़ियों में प्रत्येक जिला से 16 लड़के और 16 लड़कियां शामिल हैं।
