Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में 7-9 नवंबर तक राज्य स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता:6 हजार खिलाड़ी होंगे शामिल, ठहरने व परिवहन की मिलेगी सुविधा

रोहतक में सातवीं अंडर-11 लड़के और लड़कियों की राज्य स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता का आयोजन 7 से 9 नवंबर तक किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से करीब 6 हजार खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रतियोगिता के कुशल संचालन के लिए कमेटियों के कन्वीनर, प्रिंसिपल, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षा शिक्षकों के साथ जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी दिलजीत सिंह ने मीटिंग की।

शिक्षा विभाग के मीडिया संयोजक डॉ. जनक राज ने बताया कि शिक्षा विभाग की तरफ से हरियाणा राज्य स्तरीय विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं करवाई जा रही है। प्रतियोगिता में कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के विद्यार्थी शामिल होंगे, जिनकी जन्म तिथि 1 जनवरी 2015 के बाद की हो। प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों में खेल भावना, आत्मविश्वास और टीमवर्क का विकास करना है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 7 नवंबर को मानव रचना स्कूल सुनारिया में होगी, जिसमें लड़कियों के लिए खो-खो, कबड्डी, रस्साकशी प्रतियोगिता होगी। इसके साथ ही लड़कों व लड़कियों के लिए एथलेटिक्स एवं स्केटिंग प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। वहीं सर छोटूराम स्टेडियम में लड़कों के लिए जिम्नास्टिक एवं कुश्ती होगी

प्रतियोगिता के दौरान 8 नवंबर को लड़कियों के लिए जिम्नास्टिक एवं कुश्ती प्रतियोगिता होगी। 8 व 9 नवंबर को अगस्त्य इंटरनेशनल स्कूल में लड़कों और लड़कियों की चेस , कैरम, योग प्रतियोगिता और स्कॉलर रोजरी स्कूल बोहर में लड़कों व लड़कियों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी जिलों के खिलाड़ियों के लिए ठहरने एवं भोजन की व्यवस्था की गई है। इनमें खो-खो, कबड्डी और रस्साकशी की टीमों को मानव रचना स्कूल सुनारिया में ठहराया जाएगा। जिम्नास्टिक, कुश्ती, योग, चेस, कैरम, स्केटिंग एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है।

लड़कों के लिए राजकीय माध्यमिक स्कूल सेक्टर 2, 3 और 4, जाट स्कूल, सीआरएम पब्लिक स्कूल, हरिकिशन वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल, स्वामी नित्यानंद स्कूल, महेंद्रा मॉडल स्कूल में रहेगा। लड़कियों के ठहरने की व्यवस्था वैश्य पब्लिक स्कूल सेक्टर 3, जेपी इंटरनेशनल स्कूल और एमडीएन पब्लिक स्कूल में की गई है।

Exit mobile version