रोहतक स्थित जसबीर स्मारक में किसान सभा हरियाणा की राज्य कमेटी की बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता राज्य प्रधान बलबीर सिंह ने की। बैठक में किसान आंदोलन के लंबित मुद्दों पर अभियान और आंदोलन छेड़ने की योजना बनाई गई। सभा के महासचिव सुमित दलाल ने कहा कि बैठक में किसान आंदोलन के लंबित मुद्दों पर मोर्चा के आगमी आंदोलन की योजना को कामयाब करने और किसानों की फसल खराबे के मुआवजे, बीमा क्लेम आदि मुद्दों पर सभी जिलों में आंदोलन को तेज करने की योजना बनाई। इसके लिए गांव-गांव अभियान चलाया जाएगा।
राष्ट्रीय वित्त सचिव पी कृष्णा प्रसाद ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार किसानों के साथ विश्वासघात कर रही है। किसान आंदोलन के लंबित मुद्दों को हल नहीं किया जा रहा। हाल में केंद्र सरकार द्वारा घोषित खरीफ फसलों की एमएसपी किसानों के घाटे को पूरा नहीं कर रही। देश का किसान स्वामीनाथन की सिफारिश अनुसार सी-2 फॉर्मूला के हिसाब से एमएसपी की मांग कर रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की घोषणा किसानों की मांग से काफी कम है। किसानों की आमदनी दोगुनी होने की बजाय लागत बढ़ने से आमदनी घट रही है। जिसके चलते छोटे, मध्यम और सीमांत किसानों पर कर्ज लगातार बढ़ता जा रहा है। इसलिए निर्णय लिया कि प्रदेश भर में 30 जून को एमएसपी अधिकार दिवस के तौर पर मनाया जाएगा।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ खिलवाड़ कर रही। प्रदेश भर में रबी की फसलों को बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से बर्बाद हुई थी। जिसका मुआवजा देने की बजाय सरकार की मानसिकता मुआवजा देने से मुकरने की है। बीमा कंपनियों द्वारा भी कई जिलों का पिछले साल और इस वर्ष का हजारों करोड़ों का मुआवजा रोका हुआ है।सूरजमुखी एमएसपी पर नहीं खरीदा जा रहा, इसके लिए 12 जून को फसलों की एमएसपी और गिरफ्तार किसानों की रिहाई के लिए कुरुक्षेत्र के पिपली में महापंचायत की जाएगी।
