Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

बस के पीछे दौड़े खेल मंत्री गौरव गौतम …छात्राओं को छोड़कर भागी रोडवेज बस

हरियाणा रोडवेज की लापरवाही का एक हैरान करने वाला मामला पलवल में सामने आया है। कॉलेज से घर लौटने के लिए बस स्टॉप पर खड़ी छात्राओं ने रोडवेज बस को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक बस रोकने के बजाय उन्हें वहीं छोड़कर आगे निकल गया। मामला जब खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम तक पहुंचा तो उन्होंने खुद सड़क पर उतरकर बस का पीछा किया और उसे रुकवा दिया।

जानकारी के अनुसार, हसनपुर से पलवल जा रही रोडवेज बस दोपहर करीब 2 बजे बस स्टॉप पर पहुंची थी। वहां कई छात्राएं, महिलाएं और अन्य यात्री बस का इंतजार कर रहे थे। आरोप है कि चालक ने यात्रियों को बैठाने के बजाय बस सीधे आगे बढ़ा दी।

सूचना मिलते ही खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने अपना काफिला रुकवाया और बस का पीछा किया। कुछ दूरी पर बस को रुकवाकर चालक और परिचालक को जमकर फटकार लगाई। मंत्री ने बस को वापस बस स्टॉप पर ले जाने और सभी छात्राओं व यात्रियों को बैठाकर गंतव्य तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

मंत्री के आदेश के बाद बस वापस बस स्टॉप पर पहुंची, जहां इंतजार कर रही छात्राओं और अन्य यात्रियों को बस में बैठाया गया। इसके बाद बस पलवल के लिए रवाना हुई।

मामले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मंत्री गौरव गौतम चालक से जवाब-तलब करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद पलवल रोडवेज डिपो प्रशासन ने भी सख्त रुख अपनाते हुए चालक सोनू और परिचालक धर्मेंद्र कुमार को चार्जशीट कर दिया है।

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि रोडवेज की ऐसी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं और इस मामले की शिकायत परिवहन मंत्री अनिल विज से भी की जाएगी, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सके।

Exit mobile version