रोहतक के मानसरोवर पार्क के नजदीक एसपी आवास के पास रिलायंस फ्रेश के सामने शुक्रवार को एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमे एक व्यक्ति एक अपनी पत्नी को डंडे से बुरी तरह से पीट रहा था। महिला दर्द से चिल्लाते हुए सबसे मदद मांग रही थी। लेकिन मानवता विहीन लोग वीडियो तो बना रहे थे लेकिन कोई भी उस बेरहम पति को रोकने के लिए आगे नहीं आ रहा था। हैरानी की बात तो यह है कि यह घटना बिलकुल एसपी के आवास के पास हुई, और वहां पर पुलिसकर्मी भी मौजूद रहते हैं। बता दे घटना का अब वीडियो वायरल होने के बाद आर्य नगर थाना पुलिस को कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसपी उदय सिंह मीना ने कार्रवाई करते हुए आरोपी एसपीओ को नौकरी से डिस्चार्ज कर दिया है।
मदीना गांव निवासी सरिता ने आर्य नगर थाने में दी शिकायत में बताया कि वह एमडीयू में अपरेंटिस करती है। उसकी शादी झज्जर जिले के गांव निलौठी निवासी सत्यनारायण के साथ हुई थी। पिछले 7 साल से वह पति से अलग रहती है। अदालत में तलाक के लिए उसका केस चल रहा है। उसका पति एसपीओ है। विवि में भी वह उसका पीछा करता है, जिसकी शिकायत पुलिस को दी जा चुकी है।
7 दिसंबर को वह अपने बीमार पिता से मिलने निजी अस्पताल जा रही थी तो उसने उसका पीछा करते हुए आया और मानसरोवर पार्क के नजदीक उसके ऊपर डंडे से वार किए। उसके हाथ, सिर व पैर पर चोटें आई हैं। वह जान बचाने के लिए निजी मॉल में घुस गई। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चला गया। साथ ही उसका मोबाइल फोन भी छीनकर ले गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी देने व मोबाइल छीनने का केस दर्ज किया था।
एसपी उदयसिंह मीना ने कहा कि आरोपी एसपीओ सत्यनारायण को नौकरी से डिस्चार्ज कर दिया गया है। साथ ही पुलिस को कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पीड़िता को पूरा न्याय मिलेगा।

