गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में शुक्रवार दोपहर द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गुरुग्राम से दिल्ली की ओर जा रही तेज रफ्तार कैब ने ओवरटेक लेन में चल रहे ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा में रखा लोहे का सरिया कैब का शीशा तोड़ते हुए ड्राइवर के सीने के आर-पार हो गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के समय कैब में एक महिला यात्री भी सवार थीं। टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। टीम ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात सामान्य कराया और घायल महिला को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

पुलिस ने मृतक ड्राइवर के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसा तेज रफ्तार और पीछे से हुई टक्कर के कारण हुआ। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि ई-रिक्शा में रखा लोहे का सरिया कैब के अंदर घुस गया और ड्राइवर की जान चली गई।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

गुरुग्राम पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!