Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

तेज रफ्तार बाइक टायर फटने से हुई बेकाबू- पीछे से आई ओवरस्पीड कार ने रौंदा, बुझे दो घरों के इकलौते चिराग

हरियाणा के पानीपत जिले में बड़ा हादसा हो गया। समालखा में जीटी रोड पर दो छात्रों की बाइक को तेज रफ्तार कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक अन्य भी चोटिल हो गया। तीनों को आनन-फानन में इलाज के लिए CHC समालखा लाया गया। वहां डॉक्टरों ने दोनों दोस्तों को मृत घोषित कर दिया। तीसरे घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। मृतकों के परिजनों की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

समालखा थाना पुलिस को दी शिकायत में अजीत ने बताया कि वह शास्त्री कॉलोनी समालखा का रहने वाला है। गुरुवार को वह सुनील निवासी समालखा के साथ जीटी रोड पर बाइक साइड में लगाकर खड़ा था। वहां अपने बेटे नीरज (21) और उसके साथी विनीत (21) निवासी काली रामणा पाना समालखा का इंतजार कर रहे थे। सभी को अपने निजी काम से बाइक पर ही गन्नौर जाना था।

नीरज और विनीत अपनी बाइक पर पानीपत साइड से जीटी रोड पर उनके पास आ रहे थे। दिल्‍ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर समालखा मेगा माल के पास अचानक उनकी बाइक का टायर फट गया। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई। उसी समय पीछे से एक तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे नीरज और विनीत दोनों ही नीचे गिर गए।

हादसे में सुशील को भी टक्कर लगी। टक्कर लगने से नीरज और विनीत बेहोश हो गए। आरोपी कार चालक मौके पर कार छोड़कर भाग गया। राहगीरों की मदद से तीनों को इलाज के लिए सीएचसी समालखा ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने नीरज व विनीत को मृत घोषित कर दिया। सुशील उपचाराधीन है।

मृतक नीरज के पिता ने अजीत ने बताया कि दोनों ही दोस्त गन्नौर आईटीआई में पढ़ते थे। नीरज से बड़ी बहन है, जोकि विवाहित है। वहीं, विनीत भी अपने परिवार का एकलौता ही चिराग था।

Exit mobile version