आस्था पब्लिक स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में समर कैंप के विद्यार्थियों के लिए विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को योग के महत्व से अवगत कराना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत योग के महत्व पर संक्षिप्त परिचर्चा से हुई, जिसमें बच्चों को बताया गया कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा को स्वस्थ एवं संतुलित रखने में सहायक है।
योग शिक्षिका सुश्री धारिका शर्मा के निर्देशन में विद्यार्थियों ने विभिन्न वार्म-अप गतिविधियों जैसे गर्दन व्यायाम, कंधों का घुमाव, कमर मोड़ना, जॉगिंग, जंपिंग, रेनबो स्ट्रेच तथा थाई-एल्बो टच अभ्यास किए। इसके पश्चात बच्चों ने ताड़ासन, वृक्षासन, तितली आसन, भुजंगासन एवं चक्रासन का अभ्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अनुलोम-विलोम, कपालभाति तथा ॐ उच्चारण के साथ ध्यान भी किया। इन अभ्यासों के माध्यम से बच्चों को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति, एकाग्रता एवं सकारात्मक सोच का महत्व समझाया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अनीता शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की कला है। उन्होंने बच्चों को प्रतिदिन योग करने तथा अपने परिवार के सदस्यों को भी योग अपनाने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
समर कैंप के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और आनंद के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का समापन सभी विद्यार्थियों द्वारा योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के संकल्प के साथ किया गया।
“करें योग, रहें निरोग”
“स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन”
यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं आनंददायक रहा तथा उन्हें स्वास्थ्य और योग के प्रति जागरूक बनाने में सफल रहा।






