Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

नारनौल-रेवाड़ी रेलमार्ग पर ड़ेगी स्पेशल ट्रेन, 12 ट्रिप तय:रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर यात्रियों को राहत, खाटू श्याम भक्तों में खुशी

रक्षाबंधन के त्योहार पर ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए खास इंतजाम किया है। उत्तर रेलवे ने कोटा और हजरत निजामुद्दीन के बीच रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इससे त्योहार पर घर जाने वाले और परिवार से मिलने के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

रक्षाबंधन पर अपने घर जाने और परिवार से मिलने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने खास इंतजाम किए हैं। उत्तर रेलवे के CPRO हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि ट्रेन नंबर 09803/09804 (कोटा–हजरत निजामुद्दीन–कोटा स्पेशल) दोनों तरफ से तीन-तीन चक्कर लगाएगी। इस ट्रेन में AC, स्लीपर और जनरल कोच होंगे, ताकि हर तरह के यात्री आसानी से सफर कर सकें।

हरियाणा के नारनौल में रक्षाबंधन और जन्माष्टमी जैसे त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने रींगस-रेवाड़ी-रींगस एक्सप्रेस स्पेशल रेलसेवा के संचालन का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन के संचालन से राजस्थान और हरियाणा के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी। साथ ही त्योहारों के अवसर पर अतिरिक्त यात्री भार को कम करने में मदद मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09715, रींगस-रेवाड़ी एक्सप्रेस स्पेशल, 22, 23, 29, 30 अगस्त और 5, 6, 7, 12, 13, 19, 20 और 22 सितंबर को कुल 12 ट्रिप संचालित की जाएगी। यह ट्रेन रींगस से रात 11:55 बजे रवाना होकर अगले दिन प्रातः 4:00 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09716, रेवाड़ी-रींगस एक्सप्रेस स्पेशल, 23, 24, 30, 31 अगस्त और 6, 7, 8, 13, 14, 20, 21 और 23 सितंबर 2026 को कुल 12 ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन रेवाड़ी से रात 8:20 बजे प्रस्थान कर उसी रात 11:20 बजे रींगस पहुंचेगी।

वहीं इस ट्रेन के चलने से श्याम भक्तों में खुशी का माहौल है। श्याम भक्त विनय जिंदल, महेंद्र, सोहन सिंह और विपिन यादव ने बताया कि नारनौल-रेवाड़ी रेलमार्ग पर दोहरीकरण के कार्य के चलते दिन की सभी ट्रेनें बंद हैं। ऐसे में श्याम भक्तों को काफी परेशानी हो रही है। अब रात को यह ट्रेन चलने से खाटू श्याम भक्तों को काफी फायदा होगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस विशेष रेलसेवा में कुल 11 डिब्बे लगाए जाएंगे, जिनमें 9 साधारण श्रेणी के कोच और 2 गार्ड डिब्बे शामिल होंगे। सामान्य श्रेणी के अधिक डिब्बे लगाए जाने से आम यात्रियों, दैनिक आवागमन करने वालों और त्योहारों के दौरान अपने घर जाने वाले लोगों को विशेष राहत मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के समय और संचालन संबंधी जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य प्राप्त करें और सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा के लिए निर्धारित नियमों का पालन करें। रेलवे का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना है।

Exit mobile version