रोहतक, 9 अगस्त। स्वतंत्रता की 79वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में केंद्र एवं हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत रोहतक जिला में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला में चार स्थानों पर विशेष प्रदर्शनी लगाई गई हैं। इस वर्ष की प्रदर्शनी सामग्री में वंदे मातरम के 150 वर्ष तथा हर घर तिरंगा अभियान को भी विशेष रूप से जोड़ा गया है।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि रोहतक में यह प्रदर्शनी लघु सचिवालय रोहतक, जिला विकास भवन, नगर निगम परिसर रोहतक तथा सिंचाई विश्राम गृह रोहतक में लगाई गई हैं। उन्होंने आमजन का आह्वान करते हुए कहा है कि वह अपनी सुविधा अनुसार उपरोक्त चारों स्थान पर पहुंचकर इस प्रदर्शनी का अवश्य अवलोकन करें। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के इतिहास, महत्व, गौरव तथा उसके सम्मानपूर्वक उपयोग के बारे में जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी की सामग्री में नो योर तिरंगा के माध्यम से तिरंगे से जुड़े अनेक रोचक एवं महत्वपूर्ण तथ्य प्रस्तुत किए गए हैं। इसमें भारतीय राष्ट्रीय ध्वज से संबंधित फ्लैग कोड ऑफ़ इंडिया, 2002 तथा तिरंगे के सम्मान एवं उपयोग से संबंधित नियमों की जानकारी भी दी गई है।
तिरंगे के इतिहास से रूबरू करा रही प्रदर्शनी :-
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रदर्शनी में देश के राष्ट्रीय ध्वज के ऐतिहासिक सफर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदर्शित की गई है। इसमें बताया गया है कि 1907 में मैडम भीकाजी कामा द्वारा जर्मनी के स्टुटगार्ट में तिरंगा फहराया गया, जबकि नेताजी सुभाष चंद्र बोस से संबंधित पोर्ट ब्लेयर की ऐतिहासिक घटना का भी उल्लेख किया गया है। इसी प्रकार तिरंगे से जुड़े अन्य ऐतिहासिक प्रसंगों और दुर्लभ चित्रों को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया है। प्रदर्शनी में तिरंगे के अशोक चक्र, उसके महत्व और राष्ट्रीय ध्वज की निरंतर प्रगति एवं विकास का प्रतीक होने से संबंधित जानकारी भी दी गई है। साथ ही राष्ट्रीय ध्वज से जुड़े रोचक प्रश्नों एवं तथ्यों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों की जिज्ञासा बढ़ाने का प्रयास किया गया है।
तिरंगे के सम्मान और सही उपयोग की दी जा रही जानकारी :-
नरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रदर्शनी का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य नागरिकों को यह जानकारी देना भी है कि राष्ट्रीय ध्वज का उपयोग किस प्रकार सम्मानपूर्वक किया जाना चाहिए। प्रदर्शनी में स्पष्ट किया गया है कि राष्ट्रीय ध्वज को कभी उल्टा नहीं फहराया जाना चाहिए, इसे निर्धारित मानकों के अनुरूप रखा जाना चाहिए तथा इसे कपड़ों, पोशाक, नैपकिन आदि के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। राष्ट्रीय ध्वज को मेज-कवर आदि के रूप में उपयोग न करने तथा उसके सम्मान को बनाए रखने से संबंधित जानकारी भी प्रदर्शित की गई है। प्रदर्शनी में तिरंगे को सही ढंग से मोडऩे की विधि तथा विभिन्न अवसरों पर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मानजनक प्रदर्शन से संबंधित जानकारी भी दी गई है।
लघु सचिवालय व नगर निगम कार्यालय में सेल्फी प्वाइंट :-
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत लघु सचिवालय रोहतक तथा नगर निगम कार्यालय रोहतक परिसर में विशेष सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए गए हैं। आम नागरिक इन सेल्फी प्वाइंट पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी लेकर अभियान में भागीदारी कर सकते हैं। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि वे तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर उसे हर घर तिरंगा पोर्टल पर अवश्य अपलोड करें और अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी इस अभियान से जोड़ें। प्रदर्शनी की सामग्री में भी नागरिकों से 9 से 17 अगस्त 2026 तक हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होने का संदेश दिया गया है।
हर मन तिरंगा, हर घर तिरंगा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का
नरेंद्र कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा राष्ट्रीय पर्वों और राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों में आमजन की भागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। हर घर तिरंगा अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है।उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में वंदे मातरम के इतिहास एवं महत्व से संबंधित सामग्री भी प्रदर्शित की गई है। इस वर्ष वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इससे जुड़े ऐतिहासिक प्रसंग, गीत तथा स्वतंत्रता आंदोलन में इसके योगदान को भी प्रदर्शनी का हिस्सा बनाया गया है।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने जिलावासियों से अपील की कि वे अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं, प्रदर्शनी का अवलोकन करें, सेल्फी प्वाइंट पर तिरंगे के साथ सेल्फी लें और हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड कर अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज ही नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और अस्मिता का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से प्रत्येक घर तक राष्ट्रभक्ति की भावना पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदा
रोहतक में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की खास तैयारी, सेल्फी लेकर पोर्टल पर करें अपलोड

