Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

दिवाली का ख़ास तोहफा :नई एजेंसी को ठेका देकर सड़क पर उतरेंगी 5 और नई सिटी बसें,नगर निगम

रोहतक में दिवाली से पहले नगर निगम शहर की सड़कों पर 5 और सिटी बसें उतारने की तैयारी में है। लेकिन, इस बार ठेका नई एजेंसी को दिया जा सकता है। इसकी वजह वर्तमान ठेकेदार का निगम के अनुबंध पर खरा नहीं उतरना माना जा रहा है। वर्तमान में निगम की ओर से 5 बसों का संचालन किया जा रहा है। निगम की अगली सामान्य बैठक में नई बसें से संबंधित एजेंडा रखा जाएगा। सदन की अनुमति मिलने के तुरंत बाद कार्रवाई शुरू करवाई जाएगी। फिलहाल शहर के 5 अलग-अलग रूटों पर सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे के बीच सिटी बसों का संचालन किया जा रहा है। ये बसें हर दिन नए बसस्टैंड परिसर से अपने सफर पर निकलती हैं।

नगर निगम प्रति बस 19 हजार रुपए के हिसाब से हर महीने ठेकेदार से किराया वसूल करता है। लेकिन निगम के अधिकारियों के मुताबिक ठेकेदार द्वारा समय से किराए का भुगतान नहीं किया जा रहा है। ऊपर से नए बसस्टैंड परिसर से सिटी बसों के संचालन के एवज में रोडवेज की ओर से चार्ज की गई फीस की भी अदायगी नहीं करता है। दूसरी ओर नगर निगम की ओर से अंतिम नोटिस भेजने के बाद पांच सिटी बसों का दो महीने का बकाए रेंट 1.90 लाख रुपए जमा करवा दिया है।

नगर निगम के एलओ सुरेंद्र गोयल ने बताया कि सिटी बसों का संचालन करने वाला ठेकेदार निगम के साथ तय शर्तें पूरी करने में खरा नहीं उतर रहा है। वह रोडवेज का भी पैसा देने से मना करता है। इसको देखते हुए और 5 नई सिटी बसों का ठेका किसी अन्य एजेंसी को देने की तैयारी है। दीवाली से पहले नई बसें शहर की सड़कों पर उतारने की कोशिश होगी।

Exit mobile version