Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

दीपावली पर्व को लेकर शहर में सुरक्षा के विशेष बंदोबस्त: सादे कपड़ों में तैनात रहेगी पुलिस, सीसीटीवी से रहेगी निगरानी; गलियों में भी पैदल पेट्रोलिंग करेगी टीम

दीपावाली पर्व काे लेकर बाजारों में भीड़ बढ़ रही है। धनतेरस, दीपावली व गोवर्धन पूजा के लिए लाेग खरीदारी कर रहे हैं। ऐसे में अपराधियों के किसी भी गतिविधि को अंजाम देने का खतरा भी बढ़ जाता है। इसे देखते हुए पुलिस ने शहर में सुरक्षा का विशेष प्लान तैयार किया है। हर थाना एरिया में विशेष नाके लगाकर नाकाबंदी कर दी है। पुलिस का बाजारों पर अधिक फोकस रहेगा। बाजारों में खरीदारी करने के लिए आने वाले लोगों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन इसके अलावा शहर के बाजार व व्यस्त इलाके रेलवे रोड, किला रोड, शोरी मार्केट, बड़ा बाजार, गांधी कैंप मार्केट, भिवानी स्टैंड, डी-पार्क अन्य जगहों पर गश्त करेगी। संदिग्ध लोगों पर विशेष नजर रखेगी।

त्योहारी सीजन में बाजारों में भीड़ बढ़ने के कारण स्नेचिंग की वारदात बढ़ जाती है। अब हर बाजार में 15-20 महिला और पुरुष पुलिस कर्मी तैनात किए हैं। इनमें से कुछ पुलिस कर्मी सादे कपड़ों में तैनात किए हैं।

शहर के चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे पर कंट्रोल रूम से पुलिस के जवान नजर रखे हुए हैं। इसके अलावा, पुलिस ने बाजारों के दुकानदारों को भी निर्देश दिए हैं कि वो अपनी दुकानों के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू हालात में रखें।

शहर में 8 स्थानों महाराजा अग्रसेन पार्किंग, पुराना सीनियर सेकंडरी स्कूल हुडा ग्राउंड पार्किंग स्थल नजदीक पुरानी सब्जी मंडी, भगत सिंह पार्किंग, अशोका चौक, मैना टूरिज्म विभाग का खाली प्लाट में पार्किंग, पुराना आईटीआई ग्राउंड सर्कुलर रोड, मेडिकल मोड़ राइट साइड पार्किंग स्थल, डी पार्क मार्केट में सोम स्वीट्स के सामने दो खाली प्लाटों में अस्थाई पार्किंग स्थल व रेलवे स्टेशन रोहतक पार्किंग स्थल पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए प्रत्येक चौक, चौराहों व यातायात बिंदु पर पुलिस बल तैनात किया है। यातायात पुलिस में अतिरिक्त जवान भी तैनात किए हैं।

एसपी उदय सिंह मीना ने आम जनता से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध व लावारिस वस्तु को न छुए और न ही किसी अन्य व्यक्ति को छूने दें। आपके आसपास कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई दे तो तुरंत संबंधित थाना या डायल 112 पर सूचना दें। प्रशासन की ओर से जारी किए गए निर्देशों की पालन करें।

Exit mobile version