रोहतक में पेट्रोल पंपों की सुरक्षा को लेकर SP उदय सिंह मीना ने शनिवार को पंप संचालकों की बैठक ली। बैठक के दौरान SP ने कहा कि पेट्रोल पंप पर ईआरवी (डायल 112) के रूट निर्धारित कर निरंतर गश्त लगाई जाएगी।
सभी ईआरवी का पेट्रोल पंप के हिसाब से रूट निर्धारित किया जाएगा। रूट निर्धारित करने क बाद पेट्रोल पंप संचालकों के साथ ईआरवी के नम्बर साझा किए जाएंगे, ताकि पेट्रोल पंप संचालक अपना फीडबैक दे सके। जो पेट्रोल पंप देहाती इलाकों या सुनसाह जगहों पर हैं, वहां पर ईआरवी के अलावा संबंधित प्रभारी थाना द्वारा भी रात के समय अतिरिक्त गश्त की जाएगी।
SP ने कहा कि पेट्रोल पंप पर तैनात सभी कर्मचारी, सेल्समैन आदि की अपने संबंधित पुलिस थाना से चरित्र सत्यापन अवश्य करवाएं। वहीं जरुरतमंद पेट्रोल पंप संचालकों के सुरक्षा की दृष्टि से शस्त्र लाइसेंस बनाए जाएंगे। सभी पेट्रोल पंप संचालक सीसीटीवी कैमरा, सायरन, आग बुझाने के यंत्र उचित स्थान पर लगवाएं।
सीसीटीवी कैमरों की अच्छी गुणवत्ता व नाइट विजन होना चाहिए। सीसीटीवी कैमरा उचित स्थान पर हो ताकि पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने आनी वाले हर वाहन का नंबर व व्यक्तियों के चेहरे अच्छी तरह से दिखाई दे सके। पेट्रोल पंप पर नकदी के लिए दीवार या जमीन में तिजोरी होनी चाहिए। पेट्रोल पंप पर रात के समय रोशनी की उचित व्यवस्था तथा पावर बैकअप हो।
बैंक में कैश जमा कराते समय दोपहिया वाहन की बजाय चार पहिया वाहन का प्रयोग करें। पेट्रोल पंप पर हुई वारदातों की गहनता से जांच की जा रही है। पेट्रोल पंप पर होनी वाली छोटी-बड़ी घटना पुलिस के संज्ञान में अवश्य लाएं। साथ ही जिला पुलिस कंट्रोल के नंबर व अन्य पुलिस अधिकारियों के फोन नंबर पेट्रोल पंप संचालकों से साझा किए। निर्देश दिए कि पेट्रोल पंप पर संबंधित पुलिस अधिकारियों के नम्बर अंकित कराए जाए।

