Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

करनाल में अस्पताल से फरार कैदी के मामले में SP ने की कार्रवाई 2 पुलिस हेड कॉन्स्टेबल सस्पेंड:2 को नोटिस जारी

हरियाणा के करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज से फरार हुए कैदी के मामले में पुलिस अधीक्षक (SP) गंगा राम पुनिया ने कड़ा संज्ञान लिया है। SP ने दो गार्डो को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। जबकि दो SPO को नोटिस जारी कर दिए गए हैं।

वहीं कैदी के साथ-साथ दोनों गार्डों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें कैदी तक पहुंचने के लिए खाक छान रही हैं।

बता दें कि मेडिकल कॉलेज की पांचवी मंजिल पर कैदी सन्नी भर्ती था। कैदी सन्नी जिला जेल में चोरी के मामलों में 5 साल की सजा काट रहा है। बीती 13 फरवरी को रात 12:40 बजे सन्नी ने अपने कपड़ों का फंदा बनाकर ही आत्महत्या की कोशिश की। बैरक में ऐसा करते हुए पुलिस ने देख लिया था।

सुसाइड के कारण सन्नी की हालत काफी खराब हो चुकी थी। जिसके बाद उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवा दिया था। कैदी अस्पताल से फरार न हो जाए, इसके लिए 4 पुलिस गार्ड तैनात किए गए थे, लेकिन कड़ी सुरक्षा के बावजूद कैदी फरार हो गया। फरार होने के घंटों बाद तक भी पुलिस को सूचित नहीं किया गया।

कैदी के फरार होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सिविल लाइन पुलिस अस्पताल में पहुंची और अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया। जिसमें सामने आया कि कैदी के कमरे के बाहर एक गार्ड तो नजर आ रहा था, लेकिन अन्य तीन नजर नहीं आए। जबकि तीनों गार्डों का तर्क है कि वे आसपास थे। इस लापरवाही के कारण कैदी पुलिस गार्डों की आंखों में धूल झोंक कर फरार हो गया।

चोरी में एक्सपर्ट सन्नी अस्पताल में खड़ी बाइक को लेकर फरार हुआ है। यदि गार्ड समय पर नजदीकी पुलिस को कैदी के फरार होने की जानकारी दे देते तो शायद उसे पकड़ने में कुछ मदद मिल सकती थी।

कैदी की सुरक्षा में लगाए गए EHC सुरेंद्र और विकास को सस्पेंड कर दिया गया है। इतना ही नहीं कैदी के साथ-साथ दोनों पुलिस गार्डों के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया गया है। दो SPO को नोटिस जारी किए गए हैं।

एसपी गंगा राम पूनिया ने बताया कि कैदी को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा। इस मामले में पुलिस कर्मियों की लापरवाही सामने आई है, जिसमें दो कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है।

Exit mobile version