Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सोनीपत: गोशाला में पानी से भरे गड्ढे में डूबे दो सगे भाई, परिवार के बुझ गए दोनों चिराग; खेलते समय हुआ हादसा

सोनीपत: सोनीपत के गांव शाहपुर तगा स्थित बाबा मोहनदास 108 गोशाला में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान 7 वर्षीय सागर और 6 वर्षीय कार्तिक के रूप में हुई है. दोनों बच्चे अपने पिता संदीप के साथ गोशाला परिसर में बने कमरे में रह रहे थे. गुरुवार देर शाम दोनों के लापता होने के बाद तलाश शुरू की गई तो उनके शव चार फुट गहरे गड्ढे में मिले. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

शेड निर्माण के लिए खोदे गए थे गड्ढे: गोशाला के प्रधान इंद्रेश त्यागी ने बताया कि, “गोशाला परिसर में शेड बनाने का काम चल रहा है. इसके लिए पिलर लगाने के लिए करीब चार फुट गहरे गड्ढे खोदे गए थे. बृहस्पतिवार को तेज बारिश होने के कारण इन गड्ढों में पानी भर गया था. शायद खेलते समय दोनों बच्चे पानी से भरे गड्ढे में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई.”

देर शाम तक घर नहीं लौटे बच्चे: घटना के दौरान दोनों बच्चों की मां को उनके कपड़े गोशाला परिसर में ही पड़े मिले. शुरुआत में उन्हें लगा कि बच्चे कपड़े बदलकर गांव में किसी शादी समारोह में चले गए होंगे. लेकिन अंधेरा होने तक दोनों वापस नहीं लौटे तो परिवार ने उनकी तलाश शुरू की. गोशाला के कर्मचारियों ने भी बच्चों को ढूंढा, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला.

तलाश के दौरान गड्ढे में मिले दोनों के शव: काफी देर तक बच्चों का पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई. तलाश के दौरान दोनों भाइयों के शव शेड निर्माण के लिए खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में मिले. सूचना मिलने पर थाना बड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की. एक साथ दोनों बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. वहीं, गोशाला परिसर में भी शोक का माहौल है.

एक दिन पहले ही गोशाला आए थे: गोशाला प्रधान इंद्रेश त्यागी ने बताया कि, “उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गांव बिनौली निवासी संदीप अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ एक दिन पहले ही गोशाला में आए थे. संदीप पहले भी गोशाला में रहकर काम कर चुके हैं. फिलहाल वह यहां पशुओं को चारा डालने का काम करते हैं. परिवार के लिए यह हादसा बेहद दुखद साबित हुआ है.”

परिजनों ने बच्चों को साथ लाने पर जताई नाराजगी: इधर, हादसे की जानकारी मिलने के बाद गांव से पहुंचे परिवार के एक सदस्य ने कहा कि संदीप को बच्चों को साथ लेकर गोशाला नहीं जाने के लिए मना किया गया था. इसके बावजूद वह उन्हें अपने साथ ले आए और अब दोनों बच्चों की जान चली गई. परिजनों ने बच्चों का पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात कही है.

जांच के आधार पर होगी कार्रवाई: इस पूरे मामले में एसीपी नरेश ने कहा कि, “गांव शाहपुर तगा में हुए हादसे में दो भाइयों की मौत हुई है. मामले की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ.”

Exit mobile version