Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सोनीपत: निशा दहिया व उसके भाई की हत्या में मुख्य आरोपी कोच की पत्नी और साला गिरफ्तार

गांव हलालपुर में बुधवार को महिला पहलवान निशा और उसके भाई सूरज की हत्या में नामजद दो आरोपितों काे एसआइटी ने बृहस्पतिवार शाम को रोहतक से गिरफ्तार कर लिया है।उन्हें शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस ने इस मामले में कुश्ती कोच पवन, उसकी पत्नी सुजाता, साले अमित और सचिन के खिलाफ केस दर्ज किया है। पवन और सचिन अभी भी फरार हैं साथ ही पंचायत में कुछ लोगों ने पांच लाख का इनाम घोषित करने, मुख्य आरोपी का एनकाउंटर करने व अन्य की संपत्ति अटैच करने की मांग भी उठाई है। सोनीपत पुलिस ने आरोपी कोच पवन और सचिन पर एक लाख का इनाम घोषित किया। पंचायत ने भी एक पांच सदस्यीय कमेटी बनाई जो पूरे मामले पर नजर रखेगी। साथ ही गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया। नागरिक अस्पताल में निशा और सूरज का पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिए गए। 2:20 बजे पोस्टमार्टम शुरू हुआ और करीब डेढ़ घंटे तक चला।

गांव हलालपुर की महिला पहलवान निशा और उसके छोटे भाई सूरज की बुधवार दोपहर गांव में स्थित कुश्ती अकादमी में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी मां धनपति को भी गोली मारी गई थी, वह पीजीआई में उपचाराधीन हैं। धनपति ने हत्या का आरोप कुश्ती अकादमी संचालक पवन कुमार, उसकी पत्नी सुजाता और दो सालों अमित व सचिन सहित अन्य लोगों पर लगाया था। धनपति ने आरोप लगाया था कि आरोपी बेटी के साथ गलत हरकत करता था, जिसका विरोध करने व उसे जानकारी देने पर वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग के लिए ग्रामीणों की वीरवार सुबह हलालपुर में पंचायत हुई थी, जिसमें पंचायत की मांगें पूरी करने के बाद ही पोस्टमार्टम कराए जाने की बात कही थी। पंचायत के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी पवन कुमार व उसके साले सचिन पर एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की। निशा और सूरज के शवों का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल ने किया और उसकी वीडियोग्राफी कराई गई।
वीरवार देर शाम सीआईए की टीम ने पवन की पत्नी सुजाता और उसके भाई अमित को रोहतक से गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार दोपहर को उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
मामले में मुख्य आरोपी पवन व उसके दूसरे साले सचिन की गिरफ्तारी पर पुलिस ने एक लाख का इनाम घोषित करने के साथ उनके पोस्टर चस्पा कराए हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर भी पोस्टर डालकर सूचना देने व इनाम लेने की अपील की है।


इससे पहले गांव हलालपुर में सुबह हुई पंचायत में कुछ ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर पांच लाख का इनाम घोषित करने व पवन का एनकाउंटर करने की मांग भी उठाई। साथ ही कहा गया कि मांग मानने पर ही पोस्टमार्टम कराएंगे। लोगों ने आरोपियों की भी संपत्ति को अटैच करने की मांग करते हुए सुशील कुमार कुश्ती अकादमी पर ताला जड़ने को कहा। पंचायत में राई विधायक मोहन लाल बड़ौली भी पहुंचे और ग्रामीणों को पुलिस प्रशासन की तरफ से ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद एएसपी डॉ. मयंक गुप्ता व डीएसपी जोगेंद्र राठी ने पंचायत में आरोपियों पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किए जाने की बात बताई। पंचायत में मौजूद लोग प्रशासन का सहयोग देने की बात कहते हुए पोस्टमार्टम करवाने के लिए अस्पताल रवाना हो गए।
रेसलर निशा दहिया, भाई सूरज की हत्या और उनकी मां को गोली मारने की वारदात से ग्रामीणों में जबर्दस्त रोष है। ग्रामीणों ने बुधवार रात एकेडमी में तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी। गुरुवार सुबह पौने 9 बजे गांव की चौपाल में पंचायत शुरू हुई और दोपहर 12 बजे तक जारी थी।
पंचायत की अध्यक्षता दहिया चौबीसी प्रधान सुल्तान सिंह ने की। पंचायत में खरखौदा थाना प्रभारी कर्मजीत भी पहुंचे। वहीं रमेश नाहरा, कैप्टन फूल सिंह, राज सिंह, सरपंच जीवनी दैवी के पति कुलबीर सिंह, दीपक, राजेंद्र, कृष्ण, कप्तान सिंह आदि व्यक्ति भी शामिल हुए।

Exit mobile version