Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सोनीपत: चारपाई से बांधकर मारपीट, इलाज के दौरान मृत युवक, तीन नामजद आरोपियों पर मामला

सोनीपत जिले के एक गांव में युवक को चारपाई पर बांधकर पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। विवाद की शुरुआत मोबाइल फोन को चार्ज करने को लेकर हुई थी।

झगड़े के दौरान तीन लोगों ने मिलकर युवक पर लाठी-डंडे और कस्सी के बिंडों से हमला किया। घायल युवक कई दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझता रहा, लेकिन 6 अप्रैल 2026 को उसने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

गन्नौर के गांव पांची जाटान के निवासी जयपाल ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उसका बड़ा बेटा कमलजीत (32) 24 मार्च की शाम पड़ोसी रामदास के घर मोबाइल लेने गया था, जो वहां चार्जिंग पर लगा हुआ था।

आरोप है कि रामदास ने फोन देने से मना कर दिया, जिससे दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। यह कहासुनी देखते ही देखते विवाद में बदल गई और फिर मारपीट तक पहुँच गई।

शिकायत के अनुसार, रामदास, भगवान दास और सोनू ने मिलकर सबसे पहले उसे चारपाई पर बांध दिया। कमलजीत पर लाठी-डंडों और कस्सी के बिंडों से हमला कर दिया। जब काफी देर तक कमलजीत घर नहीं लौटा, तो पिता जयपाल मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने बेटे को गंभीर हालत में पिटते देखा, उन्हें देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना तुरंत 112 नंबर पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के जरिए घायल को CHC गन्नौर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे BPS खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज शुरू हुआ

करीब 12 दिन तक इलाज के दौरान जिंदगी की जंग लड़ने के बाद 6 अप्रैल को कमलजीत की मौत हो गई। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, उसके शरीर पर कुल 6 चोटें पाई गईं, जो सभी कुंद हथियार (ब्लंट) से लगी थीं। सर्जन और ऑर्थो विशेषज्ञों ने भी चोटों को गंभीर बताया।

पुलिस के अनुसार, शुरू में यह पड़ोस का मामला होने के चलते मृतक के पिता ने कार्रवाई से इनकार कर दिया था और समय मांगा था। लेकिन जब इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई, तो पिता ने लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की

गन्नौर थाना पुलिस ने जयपाल की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर रामदास, भगवान दास और सोनू के खिलाफ BNS की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने विशेष रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है और मामले की जांच जारी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Exit mobile version