Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हनीमून पर सोनम ने करवाई थी राजा की हत्या, ऐसे रची ये खौफनाक साजिश

इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि राजा की पत्नी सोनम ने ही उनके कत्ल की साजिश रची थी। हत्या के बाद सोनम उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में जाकर एक ढाबे पर पहुंची और वहीं बेहोशी की हालत में मिली। बाद में उसने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल तीन हमलावरों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने इस मामले की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की। उन्होंने बताया कि हत्याकांड में शामिल तीन आरोपी मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं और पुलिस ने उन्हें दबोच लिया है। एक आरोपी की तलाश अभी भी जारी है। यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि हत्या को अंजाम देने के लिए साजिश को मेघालय जैसे दूरस्थ पर्यटन स्थल पर अंजाम दिया गया।

बातचीत में सोनम के पिता देवीसिंह ने बताया कि रात करीब 2 बजे उनकी बेटी सोनम गाजीपुर के एक ढाबे पर पहुंची थी। वहां उसने ढाबा संचालक से कहकर अपने भाई गोविंद को फोन कराया। इसके बाद गोविंद ने अपने एक परिचित को सोनम के पास भेजा और उनसे फोन पर बात कराई। गाजीपुर के एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि सोनम को नंदगंज क्षेत्र के ढाबे पर अचेत अवस्था में पाया गया था। चूंकि यह मामला दूसरे राज्य से संबंधित है, इसलिए संबंधित राज्य की पुलिस के आने तक गाजीपुर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

शिलॉन्ग के स्थानीय गाइड अल्बर्ट पैड ने दावा किया कि 23 मई को सुबह 10 बजे उन्होंने राजा और सोनम को तीन अन्य युवकों के साथ नोंग्रियात से मावलाखियात के रास्ते में देखा था। अल्बर्ट ने बताया कि वह इंदौर के इस दंपती को पहचानते हैं क्योंकि एक दिन पहले उन्होंने उन्हें ट्रेकिंग के लिए अपनी सेवाएं देने की पेशकश की थी, लेकिन दंपती ने उन्हें मना कर दिया और किसी अन्य गाइड वानसाई को साथ लिया। अल्बर्ट ने यह भी बताया कि चारों युवक आगे चल रहे थे और सोनम उनके पीछे चल रही थी। वे सभी हिंदी में बात कर रहे थे, लेकिन वह केवल खासी और अंग्रेजी जानते हैं, इसलिए बातचीत का आशय नहीं समझ सके। उन्होंने यह भी बताया कि चारों ने शिपारा होम स्टे में रात बिताई और बिना गाइड के लौट गए थे।

Exit mobile version