Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सोनाली फोगाट की अंतिम यात्रा: बेटी ने दिया मां को कंधा और मुखाग्नि; मामा से बोली- पापा नहीं, मम्मी भी छोड़ गई, अकेली कैसे जीऊंगी

 BJP की नेता और टिक-टॉक स्टार सोनाली फोगाट आज पंचतत्व में विलीन हो गईं। सोनाली फोगाट का शुक्रवार दोपहर साढ़े 12 बजे हिसार में अंतिम संस्कार कर दिया गया।यशोधरा ने मां की अर्थी को कंधा भी दिया। उनकी बेटी यशोधरा ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर उन्हें मुखाग्नि दी।

इस दौरान लोग ‘सोनाली अमर रहे’ और ‘सोनाली के कातिलों को फांसी हो’ के नारे लगाते रहे। कुछ दिन पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए कुलदीप बिश्नोई सोनाली को श्रद्धांजलि देने श्मशान घाट पहुंचे।

इससे पहले सोनाली की पार्थिव देह हिसार मोर्चरी से उनके ढूंढर फार्म पर लाई गई, जहां अंतिम संस्कार की रस्में निभाई गईं। शव शुक्रवार तड़के ढाई बजे गोवा से हिसार पहुंचा था। बाई एयर और सड़क के रास्ते शव गोवा से हिसार लाया गया। फार्म हाउस में रस्मों के बाद उनकी अंतिम यात्रा ऋषि नगर श्मशान घाट के लिए निकली।

इस दौरान सोनाली की इकलौती बेटी यशोधरा ने उनके पार्थिव शरीर को कंधा दिया। बेटी यशोधरा भी बदहवासी की हालत में है। परिजन उसे संभाल रहे हैं। मां की पार्थिव देह देखते ही बेटी यशोधरा चींख पड़ी।

बेटी यशोधरा मामा के गले लगकर खूब रोई। पिता के जाने बाद मां ही उसका सहारा थी और अब वह भी छोड़कर चली गई तो बच्ची के दिल की हालत क्या होगी, यह सिर्फ वह ही जानती है, जिसे बयां करना उसके लिए मुश्किल है।

सम्मान के तौर पर सोनाली की बॉडी पर भाजपा का झंडा रखा गया। श्मशान घाट में सोनाली को श्रद्धांजलि देने हिसार नगर निगम के मेयर गौतम सरदाना, पूर्व मंत्री संपत सिंह के अलावा नवीन जयहिंद भी पहुंचे।

सोनाली 23 अगस्त की सुबह गोवा के एक रिजॉर्ट में मृत मिली थीं। पोस्टमॉर्टम में उनके शरीर पर ब्लंट कट मिले हैं। पुलिस ने इस मामले में उनके PA सुधीर सांगवान और उसके साथी सुखविंदर को गिरफ्तार किया है। गोवा पुलिस सुधीर और सुखविंदर को शुक्रवार को अदालत में पेश करेगी।

Exit mobile version