Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

CM मनोहर लाल खट्टर से मिलने पहुंचा सोनाली फोगाट का परिवार, CBI जांच की मांग

हरियाणा की BJP नेता सोनाली फोगाट के परिवार ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मिलकर इस केस की CBI जांच की मांग की है। परिवार ने इस बारे में बाकायदा CM को लिखित पत्र सौंपा। इस दौरान CM मनोहर लाल ने सोनाली की बेटी यशोधरा के सिर पर हाथ फेरकर उसे सांत्वना दी और परिवार को बताया कि उन्होंने खुद इस मुद्दे पर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सांवत से बात की है।

सोनाली की इकलौती बेटी यशोधरा के अलावा उनके भाई रिंकू, छोटी बहन रुकेश, जीजा अमन पूनिया और भतीजे मोनिंद्र फोगाट रात लगभग साढ़े 9 बजे चंडीगढ़ में हरियाणा CM आवास पर पहुंचे। ये पांचों एक ही गाड़ी में सवार थे।

परिवार से लैटर लेने के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा सरकार इस मुद्दे पर गोवा की BJP सरकार को चिट्ठी लिखेगी। इसमें सोनाली के परिवार की डिमांड के मुताबिक गोवा सरकार से अनुरोध किया जाएगा कि वह इस केस की CBI जांच करवाए।

सोनाली फोगाट की मौत गोवा में हुई इसलिए केस की इन्वेस्टिगेशन CBI को सौंपने का फैसला वहीं की सरकार ले सकती है।

इससे पहले हरियाणा CM आवास पहुंची सोनाली की बेटी और परिवार के अन्य सदस्यों ने मुख्यमंत्री से उनके परिवार को न्याय दिलाने की गुहार लगाई। सोनाली की बेटी यशोधरा इस मौके पर भावुक नजर आई और अपनी मां के हत्यारों को सजा दिलवाने की मांग की। मुख्यमंत्री ने यशोधरा को ढांढस बताते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि सरकार परिवार को न्याय दिलाने में पूरी मदद करेगी।

सोनाली की फैमिली शाम 4 बजे हिसार से रवाना होकर रात लगभग साढ़े 9 बजे चंडीगढ़ में हरियाणा सीएम आवास पहुंच गई। CM आवास के गेट पर शुरुआती इन्क्वायरी के बाद पांचों सदस्य गाड़ी के साथ अंदर चले गए। पार्किंग में मुख्यमंत्री आवास की सिक्योरिटी में तैनात लोगों ने उन्हें रिसीव किया और CM के पास ले गए।

इससे पहले हिसार से रवाना होते समय सोनाली के जीजा अमन पूनिया ने बताया कि वह सीएम को इस केस की सीबीआई जांच कराने के लिए लिखित एप्लिकेशन देंगे। परिवार उनसे न्याय दिलाने की मांग करेगा।

गौरतलब है कि हरियाणा के सीएम मनोहर लाल पहले ही कह चुके हैं कि अगर सोनाली का परिवार लिखित में केस की सीबीआई जांच कराने की मांग करेगा तो सरकार उसके लिए तैयार है। सरकार को यह केस सीबीआई को सौंपने में कोई आपत्ति नहीं है।

सोनाली फोगाट 23 अगस्त की सुबह गोवा के एक रिजॉर्ट में मृत मिली थी। उस समय सोनाली का पीए सुधीर सांगवान और सुखविंदर ही उसके साथ थे। सुधीर ने मंगलवार सुबह 8 बजे सोनाली के भाई को फोन करके मौत की सूचना दी और उसके बाद परिवार के सदस्यों के फोन उठाने बंद कर दिए।परिवार का आरोप है कि सुधीर और सुखविंदर ने ही सोनाली का मर्डर किया है। सुधीर की नजर सोनाली की प्रॉपर्टी पर थी। प्रॉपर्टी हड़पने के लिए उसने सोनाली की हत्या की है।

सोनाली की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। इसी रिपोर्ट के आधार पर गोवा पुलिस सुधीर सांगवान और सुखविंदर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज दोनों को गिरफ्तार कर चुकी है।

Exit mobile version