Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में टोहाना के राइस मिल मालिक के बेटे की मौत,कार के पलटने से हुआ हादसा

रोहतक में टोहाना के राइस मिल मालिक के बेटे की जेल रोड के पास कार पलटने से मौत हो गई। 22 साल तन्मय चौधरी को लेकर ड्राइवर दिल्ली से घर लेकर जा रहा था। हादसे में ड्राइवर की कमर की रीढ़ की हड्डी भी टूट गई। शिवाजी कॉलोनी थाने में यूपी नंबर की कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। 

फतेहाबाद जिले के कस्बे टोहाना की ऑटो मार्केट निवासी विशाल जांगड़ा ने बताया कि वह राइस मिल मालिक प्रवीण चौधरी की कार पर ड्राइवर के तौर पर नौकरी करता है। 27 अगस्त को राइस मिल मालिक के बेटे तन्मय चौधरी को लेने दिल्ली गया था। तन्मय देहरादून में लॉ का कोर्स करता था, जो अभी पूरा हुआ है। दिल्ली से वापस लौटते समय तन्मय कार की पिछली सीट पर बैठा था।

रोहतक में सुनारिया जेल रोड के पास पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। इससे उसकी कार असंतुलित होकर सड़क किनारे गड्ढों में पलट गई। राहगीरों ने किसी तरह तन्मय व उसे बाहर निकाला और पीजीआई रोहतक में दाखिल कराया, जहां डॉक्टरों ने तन्मय को मृत घोषित कर दिया। जबकि जांच में उसकी रीढ़ की हड्डी में फ्रेक्चर मिला। सूचना पाकर परिवार के लोग रोहतक पहुंचे। साथ ही शिवाजी कॉलोनी थाने में आरोपी कार के चालक के खिलाफ लापरवाही से ड्राइविंग का केस दर्ज कराया। कार यूपी नंबर की बताई जा रही है। 

Exit mobile version