रोहतक में एक बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी। गांव बलियानी के खेतों में पिता का शव पड़ा मिला। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा फरार हो गया। मौके पर पहुंचे स्थानीय खेत के किसानों ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम नंबर डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस व परिजन दोनों ही मौके पर पहुंचे। मौके पर FSL टीम को भी बुलाया गया। दोनों टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटा कर शव को एंबुलेंस से PGI भिजवाया। जहां उसका पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान जगत उर्फ जग्तू के रूप में हुई है। जिसकी उम्र 58 से 60 साल के करीब है। वह गुरुवार सुबह रोजाना की तरह अपने खेत में काम कर रहा था। वहां उसका बड़ा बेटा भी था। जिसे वह अकसर काम करने के बारे में कहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अकसर कहासुनी रहती थी। गुरुवार को भी पिता ने बेटे को काम करने के बारे में कहा। जिससे वह तैश में आ गया और उसने पिता पर कस्सी से वार कर दिया। कस्सी लगते ही पिता जमीन पर औंधे मुंह गिर गया और उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया।

