नूंह जिले में जमीन विवाद के चलते बेटे द्वारा पिता का अपहरण कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दो स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार होकर आए 20-25 युवकों ने तहसील रोड से बुजुर्ग को जबरन गाड़ी में डाल लिया और रास्ते में मारपीट की।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी बेटे जलालुद्दीन उर्फ कालिया को गिरफ्तार कर लिया है।

तहसील रोड से किया अपहरण

जानकारी के अनुसार, शाह चोखा गांव निवासी इस्माइल 26 फरवरी को जमीन संबंधी कार्य से पुनहाना तहसील आए थे। बड़े बेटे नवाब का कहना है कि काम खत्म होने के बाद पिता तहसील के बाहर बिसरू रोड पर खड़े थे। इसी दौरान छोटे भाई के लोग वहां पहुंचे और उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवक गाड़ी को चारों तरफ से घेरकर खड़े हो गए। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी बुजुर्ग को उठाकर फरार हो गए।

गाड़ी में की मारपीट

बड़े बेटे का आरोप है कि रास्ते में पिता ने विरोध किया तो आरोपियों ने गाड़ी के अंदर ही उनके साथ मारपीट की। कुछ देर बाद आरोपी उन्हें तहसील के सामने ही छोड़कर भाग गए।

नवाब का कहना है कि छोटे भाई ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों के साथ मिलकर यह वारदात की।

जमीन विवाद बना कारण

आरोपी बेटे जलालुद्दीन का कहना है कि उसे आशंका थी कि पिता और बड़ा भाई मिलकर उसे जमीन से बेदखल करने की साजिश कर रहे हैं। इसी शक के चलते यह घटना हुई।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

मामले की जांच कर रही पुनहाना शहर थाना पुलिस के थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी जलालुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

पुलिस जमीन विवाद के पहलू की भी गहनता से जांच कर रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!