रोहतक में दामाद में परिवार के साथ मिलकर ससुरालियों पर हमला कर दिया। व्यक्ति ने भाइयों की शादी में आई पत्नी को भी बेरहमी से डंडे से पीटा। महम पुलिस ने शिकायत के आधार पर 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
किशनगढ़ गांव निवासी केला देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे फिलहाल महम के आर्य नगर में रहते हैं। 2 मार्च को उसके बेटों की शादी थी, इसलिए उसने अपनी बेटी पूजा को भी मायके में ही बुला रखा था। शादी के बाद 6 मार्च की रात करीब 10 बजे पूजा का पति सुनील बच्चों को लेने के लिए आया। वह शराब के नशे में था। उसने बेटी पूजा के साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया।
इसके बाद सुनील ने अपने भाई और माता पिता को भी बुला लिया। सुनील ने उनके साथ मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उन्होंने केला देवी, पूजा, उसके भाई नीरज व पिता बलवान के साथ मारपीट की। इसके बाद धमकी देते हुए फरार हो गए। सभी घायलों को लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
केला देवी ने आरोप लगाया कि दामाद बेटी पूजा को पहले ही तंग करता था। अनबन के कारण वह साले की शादी में भी नहीं आया।
महम पुलिस थाना के जांच अधिकारी ASI सोमवीर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच के अनुसार, पति-पत्नी की अनबन थी। अब आरोपी अपनी पत्नी को लेने के लिए आया था और शराब के नशे में था, जिसके कारण उनकी आपस में कहासुनी हो गई। इसको लेकर आरोपी ने परिवार के साथ मारपीट की। पुलिस ने आरोपी सुनील, मनोज, सावित्री व अजीत के खिलाफ लड़ाई-झगड़े की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

