हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। शहर के मोहल्ला कायमपुरा में एक व्यक्ति ने अपनी बुजुर्ग मां की बेरहमी से हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कायमपुरा निवासी 45 वर्षीय सुनील कुमार अपनी 70 वर्षीय मां ब्रह्मादेवी के साथ रहता था। सुनील के पिता की कुछ समय पहले मौत हो चुकी थी। परिवार और पड़ोसियों के मुताबिक, सुनील शराब पीने का आदी था और आए दिन नशे की हालत में अपनी मां से झगड़ा करता रहता था।
बताया जा रहा है कि बुधवार और गुरुवार की रात भी मां-बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में आकर सुनील ने डंडों से अपनी मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण ब्रह्मादेवी की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी बेटे ने शव को घर के आंगन में ही छोड़ दिया और वहां से निकल गया।
इसके बाद सुनील शहर की सब्जी मंडी के पास पहुंचा और मंदिर के नजदीक बने करीब 50 फुट गहरे कुएं में छलांग लगा दी। सुबह जब मंडी में लोग पहुंचे तो उन्होंने एक व्यक्ति को कुएं में गिरते देखा। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद सुनील को कुएं से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उसे नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक PGI रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
इधर, सुबह जब ब्रह्मादेवी की जेठानी उनके घर पहुंची तो आंगन में उनका शव पड़ा मिला। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों और पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान सामने आया कि मां की हत्या करने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका बेटा ही था।
पड़ोसियों का कहना है कि सुनील अक्सर शराब के नशे में अपनी मां के साथ मारपीट करता था। आशंका जताई जा रही है कि घरेलू विवाद और नशे की हालत में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
