Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

यमुनानगर में सोमनदी का बांध टूटा, कई इलाकों में जलभराव

यमुनानगर की सोम नदी भारी बारिश के चलते उफान पर आ गई है। पानी पुल के ऊपर से बहने लगा, जिससे हालात और गंभीर हो गए। पानीवाला गांव के पास सोम नदी का बांध टूट गया, जिससे पानी तेजी से सढ़ौरा की ओर बढ़ रहा है।

वहीं, तेज बारिश के चलते शहर में कई जगह नुकसान की खबरें सामने आई हैं। एक थार गाड़ी पर दीवार गिर गई, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि ड्राइवर बाल-बाल बच गया। शहर के कई हिस्सों में घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

दूसरी ओर मानसून सीजन में पहली बार यमुना नदी का जलस्तर हथिनीकुंड बैराज पर एक लाख क्यूसिक से अधिक हो गया है। रविवार दोपहर 1 बजे तक जल प्रवाह 1,16,686 क्यूसिक दर्ज किया गया। इसके चलते पूर्वी और पश्चिमी यमुना नहरों की पानी की आपूर्ति रोक दी गई है और बैराज के सभी फ्लड गेट खोल दिए गए हैं। अब सारा पानी सीधे यमुना नदी में छोड़ा जा रहा है, जो अगले 72 घंटों में दिल्ली पहुंचेगा।

जलस्तर एक लाख क्यूसिक पार होते ही चेतावनी सायरन बजाया गया। इसके बाद केंद्रीय जल आयोग ने दिल्ली प्रशासन को अलर्ट कर दिया। अब हर घंटे जलस्तर की अपडेट दी जा रही है। चंडीगढ़ स्थित कंट्रोल रूम को भी लगातार सूचना भेजी जा रही है।

Exit mobile version