Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में फौजी ने पत्नी का किया मर्डर: ससुरालियों को फोन कर बोला- जहर खाया; एक दिन पहले ही छुट्‌टी पर आया था

रोहतक में फौजी ने पत्नी की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। वह एक दिन पहले ही कश्मीर से ड्यूटी से छुट्‌टी पर आया था। हत्या के बाद उसने ससुराल वालों को फोन कर कहा कि पत्नी ने कोई जहरीली चीज खा ली है। मृतका के मायके वाले दौड़े-दौड़े आए तो हत्या का पता चला। फिलहाल फौजी हत्या के बाद 3 बच्चों को लेकर घर से फरार है।

वहीं मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी फौजी अपने साले की शादी में कैश-गहने कम मिलने की वजह से नाराज था। इसी को लेकर उसका पत्नी से झगड़ा हुआ। जिसके बाद उसने गोली चला दी। पुलिस ने वारदात की जांच शुरू कर दी है।

मृतका नीलम (30) मूल रूप से जींद के गतौली गांव की रहने वाली थी। उसकी शादी रोहतक के डोभ गांव के फौजी कश्मीरी लाल से हुई थी। 12 साल पहले शादी के बाद उनके 3 बच्चे हैं। कुछ समय पहले नीलम के भाई की शादी थी। उसमें फौजी पति को भी बुलाया गया था लेकिन वह छुट्‌टी न मिलने की बात कहकर नहीं आया।

नीलम की मां के मुताबिक उनके बेटे की 7 जनवरी को शादी थी। नीलम भी भाई की शादी में मायके जींद आई हुई थी। शादी होने के बाद 9 जनवरी को नीलम अपनी ससुराल डोभ लौट आई। उस वक्त छुट्‌टी न मिलने के बहाने पति नहीं आया लेकिन अब शुक्रवार 19 जनवरी को वह ड्यूटी से छुट्‌टी पर आ गया।

नीलम की मां ने बताया कि घर पहुंचते ही फौजी कश्मीरी लाल ने पत्नी से साले की शादी में उसे कम रुपए और गहने मिलने की बात को लेकर झगड़ा करना शुरू कर दिया। फौजी एक लाख रुपए कैश, एक सोने की चैन व एक सोने के कड़े की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर शनिवार को भी फौजी ने झगड़ा किया। वहीं नीलम को मौत के घाट उतार दिया।

मृतका के मामा के मुताबिक लालच में उसकी भांजी को मारा गया है। परिवार के पास फोन आया था कि उनकी बेटी ने गोली खाकर सुसाइड कर लिया है। जब वे लोग मौके पर पहुंचे तो वहां बेटी का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था।जब उसके भांजे की शादी थी तो दामाद ने छुट्‌टी न मिलने का बहाना बनाया था। अब भांजी को मारने के लिए वह सेना से स्पेशल छुट्‌टी लेकर आया। हत्या करने के बाद फरार हो गया।

रोहतक पुलिस के जांच अधिकारी उधम सिंह ने बताया कि गांव डोभ में हत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान के आधार पर आगे के कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version